– प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संदेश के बाद पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश।
रामपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के डीजल-पेट्रोल की खपत कम करने और वैकल्पिक साधनों को अपनाने के आह्वान का असर अब जनप्रतिनिधियों में भी दिखाई दे रहा है। इसी क्रम में रामपुर नगर विधायक आकाश सक्सेना ने चार ई-रिक्शा खरीदी हैं।

विधायक आकाश सक्सेना ने एक ही दिन में चार ई-रिक्शा खरीदीं। बताया जा रहा है कि अब वे शहर के कार्यक्रमों और स्थानीय दौरों के लिए इन्हीं ई-रिक्शा का उपयोग करेंगे। इस कदम को प्रधानमंत्री के संदेश से जोड़कर देखा जा रहा है।
विधायक आकाश सक्सेना ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संदेश पर्यावरण संरक्षण और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर दिया गया है। उन्होंने कहा कि अभी डीजल-पेट्रोल की कोई बड़ी किल्लत नहीं है, लेकिन भविष्य की संभावित परिस्थितियों को देखते हुए ईंधन की बचत की आदत डालनी चाहिए।
सक्सेना ने यह भी कहा कि वे शहर के अधिकतर कार्यक्रमों में ई-रिक्शा से ही पहुंचेंगे। उन्होंने अपनी सुरक्षा व्यवस्था में भी ई-रिक्शा के इस्तेमाल की बात कही है। गुरुवार दोपहर करीब ढाई बजे वे अपने आवास कृष्ण विहार से सुरक्षाकर्मियों के साथ ई-रिक्शा में पार्टी कार्यालय के लिए निकले और 3:15 बजे पहुंचे।
इस पहल को लेकर लोगों में अलग-अलग चचार्एं हैं। कुछ इसे पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सकारात्मक कदम मान रहे हैं, तो कुछ इसे राजनीतिक संदेश के तौर पर देख रहे हैं। राजनीतिक और सामाजिक हलकों में भी इस पर चर्चा तेज हो गई है।

