अयोध्या से गुजरात वापस जा रहे थे लोग, 13 श्रद्धालु हादसे में हुए घायल
आगरा। अयोध्या से दर्शन कर वापस आ रही श्रद्धालुओं से भरी मिनी बस (ट्रैवलर) आगे चल रहे एक ट्रेलर में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैवलर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस हादसे में एक महिला समेत दो यात्रियों की मौत हो गई। 13 अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी यात्री गुजरात के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
घटना शनिवार की सुबह करीब 4 बजे आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर फतेहाबाद क्षेत्र में किलोमीटर संख्या 37.100 पर हुई। बताया जा रहा है कि सुबह के समय ड्राइवर को झपकी आ गई। इससे ट्रैवलर अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रेलर में पीछे से घुस गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। ट्रैवलर को सूरत (गुजरात) के थाना डिडौली स्थित लक्ष्मी नारायण सोसायटी निवासी धीरज पाटिल पुत्र सुरेश चला रहा था।
सूचना मिलते ही यूपीडा की रेस्क्यू टीम और स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद ट्रैवलर में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और एंबुलेंस की मदद से इलाज के लिए आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज भिजवाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद प्रदीप पुत्र किशन (53) और जनक बेन पत्नी कीरत सिंह (58) को मृत घोषित कर दिया।
इस दुर्घटना में 13 यात्री घायल हुए हैं। इन सभी का एसएन मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। घायलों में मनोहर पुत्र शिंदे, उमा बेन पत्नी प्रदीप सिंह, पदम बेन पत्नी सुरेंद्र सिंह, उर्वशी बेन पत्नी पलिया, किंटू कुमारी, कीरत सिंह, पृथ्वी पुत्र वीरेंद्र सिंह, कृरूठा पुत्री वीरेंद्र सिंह, बरसा बेन पत्नी मनोहर सिंह, रेणुका बेन पत्नी इंद्र सिंह और हिना बेन पत्नी करनवा सहित अन्य लोग शामिल हैं।
फतेहाबाद के प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्रा ने बताया कि हादसे में दो लोगों की मौत हुई है। अन्य घायलों को इलाज के लिए एसएन मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। क्षतिग्रस्त वाहनों को एक्सप्रेसवे से हटवाकर यातायात सुचारू करा दिया गया है।