मरने वाले दोनों वाहनों में थे सवार, पंचर होने पर सड़क किनारे खड़ी थी डीसीएम
बागपत। दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर पर शनिवार सुबह करीब 4 बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। थाना दोघट क्षेत्र में गांगनौली कट के पास सड़क किनारे खड़ी डीसीएम में पीछे से आ रही महिंद्रा बोलेरो पिकअप टकरा गई। हादसे में दोनों वाहनों में सवार दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक, डीसीएम गांगनौली कट के पास पंचर होने के कारण सड़क किनारे खड़ी थी। ऊउट चालक दिनेश राघव (52) पुत्र हाकिम सिंह, हरि नगर एक्सटेंशन, बदरपुर, साउथ दिल्ली के रहने वाले थे। इसी दौरान पीछे से तेज गति में आ रही बोलेरो पिकअप सड़क पर खड़ी डीसीएम से टकरा गई।
हादसे में डीसीएम चालक दिनेश राघव और बोलेरो पिकअप में सवार यादराम (60) पुत्र झामरमल की मौत हो गई। यादराम राजस्थान के जयपुर स्थित गणेश नगर द्वितीय, मुरलीपुरा के रहने वाले थे। वह बोलेरो चालक विकास के पिता थे।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे हटवाकर यातायात सुचारु कराया गया। पुलिस ने दोनों मृतकों के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी है।
थाना प्रभारी केवल सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। परिजनों की ओर से शिकायत मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।