HomeTrendingहाईवे पर ट्रक-पिकअप की टक्कर से लगी आग

हाईवे पर ट्रक-पिकअप की टक्कर से लगी आग

-

हादसे में चार लोग झुलसे, एक की हालत गंभीर, जिला अस्पताल में भर्ती


रायबरेली। लखनऊ-प्रयागराज हाईवे पर सोमवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया। पीठन गांव के पास सीमेंट लदे ट्रक से एक पिकअप टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप पलट गई और उसमें आग लग गई। देखते ही देखते आग ने ट्रक को भी अपनी चपेट में ले लिया, जिससे दोनों वाहन धू-धू कर जलने लगे। यह घटना सुबह करीब चार बजे हुई।
हादसे में पिकअप में सवार चार लोग झुलसकर घायल हो गए। घायलों की पहचान सीतापुर के साडोरा निवासी राजेश (35) पुत्र रामप्रसाद, हरदोई के संडीला निवासी अमर कुमार (19) पुत्र राजेश, तथा कटरा मिजार्पुर निवासी रवि यादव (25) पुत्र गौतम यादव और मंगल (20) पुत्र लक्ष्मण के रूप में हुई है।

मौके पर मौजूद राहगीरों और अन्य वाहन चालकों ने कड़ी मशक्कत के बाद चारों घायलों को वाहनों से बाहर निकाला। सूचना मिलने पर पहुंची एंबुलेंस से सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद राजेश की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रायबरेली रेफर कर दिया गया, जबकि अन्य तीन घायलों का उपचार सीएचसी में जारी है।

हादसे की सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। दुर्घटना के कारण लगभग दो घंटे तक हाईवे की एक लेन पर यातायात बाधित रहा। वाहनों को दूसरी लेन से डायवर्ट कर निकाला गया। बाद में क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सुचारु कर दिया गया।

पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। बछरावां थाना अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने बताया कि घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है और यातायात बहाल कर दिया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि तहरीर मिलने पर आवश्यक विधिक कार्यवाही की जाएगी।

Related articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

4,000,000FansLike
100,000SubscribersSubscribe

Latest posts