भागते समय गिरकर घायल हुआ, पुलिस ने 160 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से पहचाना
शारदा रिपोर्टर मेरठ। पूर्व डीजीपी के बड़े भाई अरुण कुमार जैन के घर में दिवाली की रात चोरी हुई। चोरी करने वाले आरोपियों को पुलिस ने एनकाउंटर के बाद पकड़ लिया। उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया है। उसके कब्जे से चोरी किया गया पूरा सामान, तमंचा और कारतूस बरामद हुए हैं।
दरअसल, सिविल लाइन थाना क्षेत्र के हरनाम दास रोड पर पूर्व डीजीपी अरविंद कुमार जैन के बड़े भाई अरुण कुमार जैन रहते हैं। उनके मकान में दिवाली की रात चोरी हुई थी। परिवार के घर पर मौजूद नहीं होने का फायदा उठाकर चोर ने मकान का ताला तोड़ा और अंदर रखे कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया था।
आरोपी अमेरिकन टूरिस्टर बैग में पांच चांदी की कटोरी,चम्मच,प्लेट,डिब्बियां,चिराग,लोटा और आभूषण भरकर ले गया था। चोरी हुए सामान में पायल, अंगूठियां,चेन, लॉकेट और सिक्के भी शामिल थे। घटना के बाद अरुण कुमार जैन ने सिविल लाइन थाने में अज्ञात चोर के खिलाफ शिकायत दी थी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी।
एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने चोरी का खुलासा करने के लिए सात पुलिस टीमों का गठन किया था। टीमों ने घटनास्थल और आसपास के करीब 160 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसमें एक युवक चोरी करता हुआ दिखाई दिया।
सोमवार शाम पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी की वारदात को अंजाम देने वाला आरोपी किला रोड पर सुनसान जगह मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी की घेराबंदी कर दी। खुद को पुलिस से घिरा देखकर आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की तो आरोपी भागने लगा। इसी दौरान वह गिरकर घायल हो गया।
पुलिस ने आरोपी की पहचान सलाउद्दीन (27) निवासी कांशीराम कॉलोनी, लोहियानगर के रूप में की है। उसके कब्जे से चोरी किया गया पूरा सामान, तमंचा और कारतूस बरामद किए गए हैं।
एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि सिविल लाइन पुलिस ने कुछ ही समय में चोरी की घटना का खुलासा कर दिया है। आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया है। उसके कब्जे से चोरी हुआ 100 प्रतिशत माल बरामद कर लिया गया है। फिलहाल आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसे न्यायालय के समक्ष पेश कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।