दोस्त ने शराब पिलाकर की थी हत्या, परिजनों ने शव 14 घंटे फ्रिज में रखा, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
शारदा रिपोर्टर मेरठ। कंकरखेड़ा में दोस्त तालिब द्वारा हत्या किए गए विपिन के शव का अंतिम संस्कार मंगलवार सुबह किया गया। परिजनों और हिंदू संगठनों ने पहले बुलडोजर और एनकाउंटर की मांग को लेकर अंतिम संस्कार से इनकार कर दिया था, जिसके बाद शव को 14 घंटे तक फ्रिज में रखा गया। पुलिस के समझाने के बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए राजी हुए।
विपिन का शव सोमवार सुबह कासमपुर आर्मी इलाके के एक खाली मैदान में मिला था। पुलिस जांच में पता चला कि उसके दोस्त तालिब ने ईंट से पीट-पीटकर उसकी हत्या की थी। आरोपी तालिब को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जिसने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया।
सोमवार शाम करीब 6 बजे पोस्टमार्टम के बाद विपिन का शव न्यू गोविंदपुरी स्थित उसके घर पहुंचा। शव पहुंचते ही परिजन और हिंदू संगठनों के सदस्य आक्रोशित हो गए। उन्होंने आरोपी के घर पर बुलडोजर चलाने और उसका एनकाउंटर करने की मांग की। इन मांगों के पूरा होने तक उन्होंने अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया।
परिजनों ने विपिन के शव को घर के बाहर एक फ्रिज में रख दिया। रातभर परिजन और हिंदू संगठन के सदस्य शव के पास ही बैठे रहे, अपनी मांगों पर अड़े रहे। मंगलवार सुबह पुलिस अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को समझाया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसे कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी। पुलिस के आश्वासन के बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए राजी हो गए।
इसके बाद विपिन के शव को श्मशान घाट ले जाया गया, जहां उसका अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात रहा।
हिंदू संगठनों ने दिया कमिश्नरी पर धरना
विपिन हत्याकांड अब तूल पकड़ता जा रहा है। मामला दो समुदायों से जुड़ा होने के कारण हिंदू संगठन आंदोलन की राह पर आ गए हैं। मंगलवार को हिंदूवादी नेता सचिन सिरोही के नेतृत्व में मृतक के परिजनों के साथ बड़ी संख्या में हिंदूवादी कार्यकर्ता कमिश्नरी पर धरना देकर बैठ गए। इन सभी लोगों ने विपिन हत्याकांड में आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग के साथ ही उसके घर पर बुलडोजर चलवाने की मांग की।