दमकल विभाग की टीम ने आग बुझाई, लाखों रुपये के नुकसान की आशंका
बदायूं। सहसवान में शुक्रवार देर रात रेडीमेड कपड़ों की दुकान में आग लग गई। दुकान में रखा कपड़ा और अन्य सामान जल गया। आग से लाखों रुपये के नुकसान की आशंका है।
आग अकबराबाद चौराहे पर लगी। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची। आग बुझाने से पहले पुलिस ने बाजार में यातायात रुकवाया और आसपास की दुकानों से लोगों को हटाया।
कोतवाली क्षेत्र के फतनपुर टप्पा हवेली निवासी इंद्रजीत की यह दुकान है। शुक्रवार शाम वह दुकान में पूजा करने के बाद घर चले गए थे। कुछ देर बाद दुकान से आग की लपटें उठने लगीं। बाजार में मौजूद लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग तेजी से फैल गई।
इसके बाद पुलिस और दमकल को सूचना दी गई। इंद्रजीत को भी आग लगने की जानकारी दी गई। इंद्रजीत को आग लगने का कारण पता नहीं है। दमकलकर्मी आग लगने की वजह का पता लगा रहे हैं।