एक युवक घायल, तहरीक उल मुजाहिदीन नाम के संगठन ने धमाके का दावा कर पोस्ट किया
गाजियाबाद। पुलिस चौकी में धनतेरस की रात तेज धमाका हुआ। ब्लास्ट इतना तेज था कि कमरों में खिड़कियां टूट गईं। अउ फट गए। दीवार में दरार आ गई। आवाज करीब एक किमी दूर तक सुनाई दी। गनीमत रही कि अंदर कोई पुलिसकर्मी नहीं था।
हालांकि, खाना डिलीवर करने आया एक 20 साल का एक युवक घायल हो गया। हादसे के वक्त वह चौकी के पास से गुजर रहा था। इस बीच, सोशल मीडिया पर ‘तहरीक उल मुजाहिदीन हिंदुस्तान’ नाम के आतंकी संगठन ने धमाके की जिम्मेदारी ली है।
पुलिस सोशल मीडिया पोस्ट की सच्चाई जांचने में जुट गई है। पुलिस कमिश्नर जे. रविंदर गौड घटनास्थल पर पहुंचे हैं। फॉरेंसिक टीम और बम निरोधक दस्ते को भी मौके पर बुलाया गया है। घटना इंदिरापुरम थाना क्षेत्र की वसुंधरा पुलिस चौकी में शुक्रवार रात साढ़े 8-9 बजे के बीच हुई।
वसुंधरा चौकी एलिवेटेड रोड के नीचे बनी है। पुलिस सूत्रों का दावा है कि सड़क के ऊपर से किसी ने विस्फोटक सामग्री फेंकी थी। उससे ही धमाका हुआ है। एलिवेटेड रोड पर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है।
जब्त पटाखों में विस्फोट की भी आशंका
आसपास के लोगों का कहना है कि चौकी में पुलिसकर्मी इलाके में अवैध रूप से बिकने वाले पटाखों को जब्त करके रखते थे। शायद उसकी से धमाका हुआ हो। हालांकि, पुलिस पटाखों में ब्लास्ट की बात पर खुलकर नहीं बोल रही है।
जांच के बाद ही कारणों का पता चल पाएगा
डीसीपी ट्रांस हिंडन ऋजुल ने बताया कि ब्लास्ट की सूचना मिलने के बाद मामले की जांच की जा रही है। फोरेंसिक टीम मौके पर है। जांच के बाद कुछ भी बोलना उचित होगा। यह चौकी अधिकांश समय बंद रहती थी।
भगवा हुकूमत के खिलाफ पुलिस को निशाना बनाया
धमाके बाद तहरीक-उल-मुजाहिदीन हिंदुस्तान नाम के आतंकी संगठन ने सोशल मीडिया वीडियो पोस्ट कर धमाके को अंजाम देने का दावा किया। संगठन ने वीडियो के साथ अंग्रेजी में लिखा एक नोट भी पोस्ट किया। वीडियो में एक शख्स चेहरे पर नकाब पहने हुए दिख रहा है। पहले वह उर्दू बोलता सुनाई दे रहा है, बाद में हिंदी में धमाके की जिम्मेदारी लेता दिख रहा है। उसने कहा कि हमने भगवा हुकूमत के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस को निशाना बनाया है। हमें अपने घर की हिफाजत का हक है। आज पुलिस, आर्मी, ज्यूडीशियरी सब हमारे खिलाफ इस्तेमाल हो रहे हैं। वीडियो सामने के बाद पुलिस हरकत में आ गई। साइबर सेल भी जांच में जुट गई। पुलिस और जांच एजेंसी के जांच में सामने आया कि रात में जिस अकाउंट से वीडियो और पोस्ट डाली गई, उसे फिलहाल डिलीट कर दिया गया है।