मानसून की विदाई के बाद कई जिलों में हल्की बारिश के आसार, चलेंगी पूरवा हवाएं
लखनऊ। मानसून की विदाई के बाद उत्तर प्रदेश में मौसम ने फौरी तौर पर करवट लेने के संकेत दिए हैं। सोमवार से तराई के जिलों में हवा का रुख पछुआ से पूरवा होने के साथ नेपाल से सटे तराई जिलों में छिटपुट बूंदाबांदी के आसार हैं। पश्चिमी तराई के जिलों में भी कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। वाराणसी, आजमगढ़ और बलिया में भी बादलों की सक्रियता बढ़ने की संभावना है।
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि तराई क्षेत्रों में बूंदाबांदी के चलते तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है। इससे लोगों को दिन की गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। रविवार शाम से ही पूर्वी तराई के जिलों में बादलों की आवाजाही बढ़ गई थी। सोमवार को इसके और सक्रिय होने की संभावना है।
मानसून की विदाई के बाद राजधानी के मौसम में सोमवार से दो दिन के लिए बदलाव के संकेत हैं। हवा का रुख बदलकर पुरवा हो जाएगा और बादलों की आवाजाही बढ़ेगी। हालांकि, बारिश की संभावना नहीं है। धूप-छांव के असर से तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है।
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पुरवा के साथ बादलों की सक्रियता बढ़ने से दिन के तापमान में मामूली गिरावट के आसार हैं। रविवार को अधिकतम तापमान 34.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.7 डिग्री अधिक है। न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जिसमें 0.2 डिग्री की गिरावट रही।