बच्चों को शव के साथ कमरे में बंद कर भागा पति, बेटे ने बताया पापा ने मम्मी को मार डाला
रामपुर। रविवार देर रात घरेलू विवाद के बाद पति ने पत्नी की हत्या कर दी। विवाद बढ़ने पर घर में रखा भारी सिलबट्टा उठाकर पत्नी के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी ने पत्नी के शव और अपने दोनों बच्चों को कमरे में बंद कर बाहर से ताला लगाया और फरार हो गया।
इसके बाद उसने गांव के एक दुकानदार को घटना की जानकारी दी। दुकानदार ने प्रधान पति को बताया। सूचना पर पुलिस पहुंची ने ताला खुलवाकर बच्चों को बाहर निकाला। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। घटना स्वार कोतवाली क्षेत्र की है।
जिला मुख्यालय से 35 किलोमीटर दूर मझरा सीतारामपुर गांव में मृतका की पहचान रीना सैनी (30) के रूप में हुई है। उसका विवाह 30 नवंबर 2021 को धर्मेंद्र (35) से हुआ था। उसके दो बच्चे हैं रूद्र (5) और गीतिका (2) रीना के भाई शुभम सैनी ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि रात करीब साढ़े सात बजे गांव के एक व्यक्ति ने फोन कर बहन और बहनोई के बीच विवाद होने की जानकारी दी थी। परिवार के साथ मौके पर पहुंचने पर घर के मुख्य गेट पर ताला लगा मिला। अंदर कमरे में रीना खून से लथपथ मृत पड़ी थी।
ग्रामीणों के मुताबिक धर्मेंद्र गांव से करीब पांच किलोमीटर दूर नरपतनगर में पेस्टीसाइड की दुकान चलाता है। रविवार शाम दुकान बंद करने के बाद वह घर आया था। रात में पत्नी से किसी घरेलू बात को लेकर कहासुनी हुई। किसी को अंदाजा नहीं था कि मामूली विवाद इतनी बड़ी वारदात में बदल जाएगा। गुस्से में धर्मेंद्र ने सिलबट्टे से पत्नी के सिर पर कई वार कर दिए।
कमरे से बाहर आने के बाद रुद्र ने परिजनों को बताया कि पापा ने मम्मी को मारा है। इसके बाद घटना की जानकारी स्पष्ट हुई। रीना के सिर पर चोट के निशान मिले। परिजनों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू की।
धर्मेंद्र सैनी गांव भूबरा मुस्तेहकम की पूर्व प्रधान लक्ष्मी सैनी का सगा भतीजा है। उसके पिता रमेश सैनी की करीब 12 साल पहले मौत हो चुकी है। घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा है। हत्या के बाद धर्मेंद्र फरार है। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
सूचना मिलते ही स्वार कोतवाली प्रभारी अनुपम शर्मा और चौकी प्रभारी सोहनपाल सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। टांडा सीओ पंकज पंत भी घटनास्थल पर पहुंचे और परिजनों व ग्रामीणों से पूछताछ की। फॉरेंसिक टीम ने मौके की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी की। टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य भी जुटाए हैं। शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।