उमेश पाल हत्याकांड का आरोपी कोर्ट में पेश किया गया, तीन साल से बिहार जेल में बंद
प्रयागराज। उमेश पाल हत्याकांड में शूटर अरमान को पुलिस सोमवार सुबह प्रयागराज लेकर पहुंची है। अरमान माफिया अतीक अहमद का शूटर था। 5 लाख का इनामी अरमान 3 साल से बिहार की गयाजी जेल में बंद था और यूपी पुलिस उसे पूरे प्रदेश में तलाश रही थी।
अरमान को ट्रांजिट रिमांड पर प्रयागराज लाया गया है। फिलहाल, पुलिस ने उसे किसी सुरक्षित स्थान पर रखा है। धूमनगंज थाना पुलिस अरमान को कोर्ट में पेश करेगी। इसी कोर्ट में उमेश पाल और उनके 2 सरकारी गनर की हत्या के मामले का ट्रायल चल रहा है। पेशी से पहले कोर्ट में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। पुलिस अरमान की कस्टडी की अर्जी भी दाखिल कर सकती है।
अगर कस्टडी मिली तो पुलिस उससे उमेश पाल हत्याकांड को लेकर पूछताछ करेगी। उमेश पाल हत्याकांड के बाद से अतीक अहमद की पत्नी शाइस्ता परवीन और अशरफ की पत्नी जैनब फातिमा फरार हैं। पुलिस अरमान से पूछताछ के दौरान इनके संपर्क में रहने, संभावित ठिकानों का पता लगाने का प्रयास करेगी।
अरमान को यूपी लाए जाने की सूचना के बाद उसके पिता शमीम और मां असगरी खातून को एनकाउंटर का डर सता रहा है। अरमान के पिता ने गयाजी कोर्ट में अर्जी दाखिल की थी। उन्होंने अरमान को यूपी पुलिस के हवाले न करने की मांग की थी।
उनका कहना था कि अगर पुलिस को पूछताछ करनी है, तो वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए की जाए। उमेश पाल हत्याकांड के ज्यादातर आरोपी पुलिस मुठभेड़ में मारे जा चुके हैं। अरमान का भी हथियार बरामदगी के नाम पर एनकाउंटर किया जा सकता है।