शारदा रिपोर्टर मेरठ। सड़क चौडीकरण कार्य में बाधक बन रहे हापुड अड्डे चौराहे के अवैध अतिक्रमण को हटाने की मांग को लेकर शुक्रवार सत्य सनातन रक्षक दल के पदाधिकारियों ने कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने एक ज्ञापन डीएम कार्यालय पर सौंपते हुए बताया कि, पिछले लगभग 2 साल से भी अधिक समय से मुख्यमंत्री कार्यालय, निवास कैबिनेट सचिव, मुख्य सचिव, उत्तर प्रदेश उप मुख्यमंत्री, ब्रिजेश पाठक से मेरठ की जनता अनेको बार सरकारी सडक से अवैध अतिक्रमण हटाने की शिकायत (मांग) कर चुके है। जबकि 3 पुलिस चौकी, अस्पताल, मकान, दुकाने, मन्दिर, मस्जिद, सहित सभी ने अपना अतिक्रमण स्वयं ही हटा लिया है।

लेकिन, अवैध रूप से सड़कों को घेर कर खड़े दुकानदार अतिक्रमण हटाने में कोई दिलचस्पी नहीं दिखा रहे हैं। जबकि, ताज्जुब की बात यह है कि, इस समस्या को लेकर शहरवासी लगातार शिकायते अधिकारियों को लिखित रूप में दे चुके हैं।
उन्होंने आरोप लगाते हुए बताया कि, अतिक्रमणकारी छाती ठोककर कह रहे हैं कि हमारा अवैध अतिक्रमण अब कोई नहीं हटा सकता। हमारी प्रशासन और विभाग के अधिकारियों से सेटिंग हो है। अब इसे कोई नहीं हटा सकता। उन्होंने कहा कि, जनता को सुलभ, सुगम व सुरक्षित परिवहन उपलब्ध कराने का सपना मेरठ प्रशासन के कारण अधर में लटका हुआ है और जनता जाम से त्राहि-त्राहि कर रही है।
राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-224 (334) 4 लाईन से 6 लाईन मेरठ हापुड, बुलन्दशहर मार्ग चौडीकरण कार्य से हापुड़ अड्डा मेरठ में दायी और कुछ अतिक्रमण जगन छोले भटूरे और अन्य के कारण सडक पर रोजाना हादसे हो रहे हैं और जाम की स्थिति भी रहती है। इससे नाले की कनैक्टिविटी नहीं हो पा रही है। जिस कारण सालो से पीछे की कालोनियों में और सूर्य प्लाजा काम्पलैक्स में गन्दा पानी जमा हो रहा है। जिससे जनमानस को बहुत असुविधा हो रही है।
इसलिए सत्य सनातन रक्षक दल यह मांग करता है कि, अतिक्रमण हटवाने के लिए एनएचएआई के अधिकारियों को और मेरठ जिला प्रशासन द्वारा अविलम्ब पुलिस बल उपबल्ध कराकर तुरन्त सरकारी सडक से अवैध अतिक्रमण हटाया जाये।

