दिल्ली से कंपिल आई थी बारात, चालक को झपकी आने से हुआ हादसा, चार घायल
फरुर्खाबाद। कंपिल में मंगलवार देर रात करीब 2 बजे बारात से लौट रही कार गांव मानिकपुर के पास नहर में पलट गई। हादसे में दूल्हे के मौसा आलोक उर्फ अशोक की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए।
पुलिस ने घायलों को सीएचसी कायमगंज पहुंचाया। वहां डॉक्टर ने आलोक उर्फ अशोक को मृत घोषित कर दिया। चारों घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें लोहिया अस्पताल रेफर किया गया।
नगर के मोहल्ला मांझ गांव निवासी अमरनाथ माथुर की बेटी कविता की शादी एसआई पब्लिक गेस्ट हाउस में थी। मंगलवार को दिल्ली के मुकुंदपुर फौजी कॉलोनी निवासी जयशरण के बेटे प्रवीण की बारात आई थी।
शादी की रस्में पूरी होने के बाद दिल्ली के स्वरूप नगर निवासी आलोक उर्फ अशोक, संजीव, रामकिशन, वीरेंद्र और भारत कार से कंपिल से रुदायन जा रहे थे। रात करीब दो बजे गांव मानिकपुर के पास कार अनियंत्रित होकर नहर में पलट गई। कार में सवार सभी पांच लोग घायल हुए।
पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को कार से बाहर निकलवाया और सीएचसी कायमगंज पहुंचाया। हल्का इंचार्ज जितेंद्र सिंह ने बताया कि हादसे में अशोक नाम के युवक की मौत हुई है और चार लोग घायल हुए हैं।