लड़के ने लड़की को बंधक बनाया था, ‘बचाओ-बचाओ’ चिल्लाते हुए भागी थी
शारदा रिपोर्टर मेरठ। होटल स्क्वायर में युवती से अभद्रता के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए होटल को सील कर दिया है। मंगलवार सुबह एसएसपी ने होटल पहुंचकर निरीक्षण किया और होटल को खाली करा दिया।
गाजियाबाद की रहने वाली 24 साल की युवती की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और मारपीट समेत गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है। आरोपी अभी फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
मंगलवार सुबह एसएसपी बीबी जीटीएस मूर्ति ने होटल पहुंचकर वहां पूछताछ की और उसके बाद होटल को सील करने का आदेश दे दिया। इसके लिए प्रशासन और मेरठ विकास प्राधिकरण (मेडा) के अधिकारियों से बातचीत की गई। घटना सदर बाजार थाना क्षेत्र के आबूलेन स्थित होटल की है।
एसएसपी बीबी जीटीएस मूर्ति ने बताया कि होटल का निरीक्षण करने के बाद उसे खाली करा दिया गया है। होटल सील करने का मुख्य कारण घटनास्थल पर मौजूद सबूतों को सुरक्षित रखना है। इससे जांच पूरी होने तक कोई भी व्यक्ति सबूतों से छेड़छाड़ नहीं कर सकेगा।
एसएसपी ने होटल सील करने के लिए प्रशासन और मेडा के अधिकारियों से बातचीत। कुछ देर बाद ही टीम मौके पर पहुंच गई। टीम ने पूरे होटल का भ्रमण किया और उसे खाली कराते हुए सील कर दिया। पुलिस आरोपी के खिलाफ दर्ज मुकदमे की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, करीब एक साल पहले गाजियाबाद की रहने वाली लड़की की मुलाकात मेरठ में कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के सलमान से हुई थी। दोनों एक प्राइवेट कंपनी में काम करते थे। इसी दौरान उनकी बातचीत शुरू हुई और धीरे-धीरे मुलाकातें होने लगीं।
हाल ही में लड़की की शादी तय हो गई। इसके बाद उसने नौकरी छोड़ दी। दोनों का मिलना-जुलना भी बंद हो गया। सलमान ने कई बार उससे मिलने की कोशिश की, लेकिन लड़की ने इनकार कर दिया।
करीब 2 दिन पहले लड़की अपनी सहेली के घर मेरठ आई थी। इसकी जानकारी सलमान को हो गई। उसने लड़की को नौकरी दिलाने के बहाने से बुलाया और आबूलेन मार्केट के स्क्वायर होटल ले गया। वहां उसे कमरे में बंद कर दिया।
होटल से बचाओ-बचाओ चिल्लाते हुए बाहर भागी
मंगलवार दोपहर करीब 1:30 बजे युवती होटल से बचाओ-बचाओ चिल्लाते हुए बाहर भागी। पीछे से आए सलमान ने उसके बाल पकड़कर खींचा और गोद में उठाकर अंदर ले जाने लगा। भीड़ जुटने पर आरोपी होटल से भाग गया। प्रत्यक्षदर्शी अमन ने बताया था कि लड़की बदहवास हालत में होटल से बाहर आई थी। उसके कपड़े अस्त-व्यस्त थे। वह खुद को बचाने के लिए चिल्ला रही थी। उसके साथ सलमान नाम का एक लड़का भी था, जो उसे जबरदस्ती अपने साथ ले जाने की कोशिश कर रहा था। हम लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे तो आरोपी उसे छोड़कर होटल के अंदर भाग गया।
होटल कर्मचारियों ने लोगों को अंदर जाने से रोका
अमन ने बताया कि हम लोग आरोपी को पकड़ने के लिए होटल के अंदर भागे। इस पर कर्मचारियों ने रोक दिया। उन्होंने कहा कि वे खुद उसे नीचे लेकर आ रहे हैं। इसी बीच आरोपी तीसरी मंजिल की छत से बगल के मकान पर कूदकर फरार हो गया। दो लोग उसके पीछे भी भागे, लेकिन वह पकड़ में नहीं आया। इसके बाद होटल कर्मचारियों ने पीछे से दरवाजा बंद कर दिया। हम लोगों ने बाद में युवती से पूछताछ की तो उसने बताया कि सलमान ने पूरी रात उसे होटल के कमरे में बंद रखा था। बाहर नहीं निकलने दे रहा था। इस दौरान वह चाकू दिखाकर डराता रहा। इसके बाद हम लोगों ने पुलिस को सूचना दी।