दो दोस्तों को गोताखोरों ने बचाया, 18 घंटे से चल रहा सर्च आॅपरेशन
बरेली। चौबारी मेले में कार्तिक पूर्णिमा स्नान के दौरान रामगंगा में डूबे मानव (12) का 18 घंटे बाद भी पता नहीं चल सका है। मंगलवार दोपहर हुए हादसे के बाद से एसडीआरएफ, पीएसी और स्थानीय गोताखोर मोटरबोट से नदी में तलाश कर रहे हैं।
नदी की तेज धार के कारण सर्च आॅपरेशन में परेशानी आ रही है। वहीं, घाट पर मौजूद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मानव के साथ डूबे दो अन्य बच्चों को गोताखोरों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया था।
12 वर्षीय मानव आंवला क्षेत्र के कमठेना गांव का रहने वाला है। मंगलवार को वह पिता चंद्र प्रकाश और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ कार्तिक पूर्णिमा स्नान के लिए चौबारी मेले में पहुंचा था। दोपहर करीब एक से दो बजे के बीच पिता-पुत्र रामगंगा घाट पर स्नान कर रहे थे। इसी दौरान मानव अपने हमउम्र बच्चों के साथ पानी में खेलने लगा और अचानक गहरे कुंड की तरफ चला गया। देखते ही देखते मानव और उसके दो साथी डूबने लगे। घाट पर मौजूद गोताखोरों ने दो बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन मानव का पता नहीं चल सका।
सुभाषनगर इंस्पेक्टर सतीश कुमार नैन के मुताबिक, बेटे को डूबता देखकर पिता चंद्र प्रकाश उसे बचाने के लिए गहरे पानी में चले गए। बेटे को पकड़ने की कोशिश में उनका पैर फिसल गया और वह भी तेज धार में फंसकर डूबने लगे। हालांकि, पास मौजूद गोताखोरों ने उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हादसे के बाद से परिवार घाट पर ही मौजूद है। परिजन लगातार मानव के सुरक्षित मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं।
कार्तिक पूर्णिमा के मुख्य स्नान पर्व पर लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। मेला क्षेत्र में करीब एक हजार पुलिसकर्मियों के साथ पीएसी, एसडीआरएफ, मोटरबोट और गोताखोर तैनात किए गए थे। निगरानी के लिए 9 वॉच टावर, 18 मोबाइल टीमें और सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए थे।
इसके बावजूद बच्चे गहरे कुंड तक पहुंच गए। हादसे के बाद घाटों पर बैरिकेडिंग और जल पुलिस की निगरानी को लेकर सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल एसडीआरएफ और गोताखोरों की टीमें मानव की तलाश में जुटी हैं।