नुकसान की भरपाई के लिए मांगे डेढ़-डेढ़ लाख रुपए, सादे कागज पर कराए साइन
शारदा रिपोर्टर मेरठ। लिसाड़ी गेट क्षेत्र के श्याम नगर में पैसे का हिसाब करने के लिए बुलाए गए दो मुंशियों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ितों ने आढ़तियों पर उन्हें करीब आठ घंटे तक बंधक बनाने और सादे कागज पर जबरन हस्ताक्षर कराने का आरोप लगाया है।
दोनों मुंशियों का कहना है कि कारोबार में नुकसान होने की बात कहकर उनसे डेढ़-डेढ़ लाख रुपए मांगे गए। उन्होंने सात-सात हजार रुपए देने की बात कही, लेकिन आरोपियों ने उनकी बात नहीं मानी। किसी तरह वहां से निकलकर दोनों लिसाड़ी गेट थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
खुशहाल कॉलोनी निवासी सुभान पुत्र अलाउद्दीन ने बताया कि वह मंडी में आरिफ और फराज के यहां मुंशी का काम करते हैं। उनके साथ घोसी मोहल्ला, लालकुर्ती निवासी अनस पुत्र जमील भी मुंशी का काम करते हैं।
सुभान के मुताबिक, मंगलवार देर रात पैसे का हिसाब करने के लिए सोनू, शारिक और फराज ने दोनों को अपने घर बुलाया था। आरोप है कि वहां पहुंचते ही उन्हें बंधक बना लिया गया। आरोपियों ने कारोबार में नुकसान होने की बात कहकर उसकी भरपाई दोनों मुंशियों से करने को कहा।
पीड़ितों का कहना है कि उन्होंने सात-सात हजार रुपए देने की बात स्वीकार कर ली थी। इसके बावजूद आरोपियों ने डेढ़-डेढ़ लाख रुपए देने का दबाव बनाया। विरोध करने पर उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई।
पीड़ितों ने आरोप लगाया कि उनसे डेढ़-डेढ़ लाख रुपए देने की बात लिखवाकर सादे कागज पर जबरन हस्ताक्षर करा लिए गए। दोनों को करीब आठ घंटे तक बंधक बनाकर रखा गया। किसी तरह वहां से निकलने के बाद वे लिसाड़ी गेट थाने पहुंचे और पुलिस को शिकायती पत्र दिया।
लिसाड़ी गेट थाना प्रभारी विशाल कुमार ने बताया कि पैसे के लेनदेन को लेकर दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई है। युवकों को बंधक बनाने और जबरन हस्ताक्षर कराने के आरोप झूठे हैं। हालांकि, पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।