HomeTrendingडबल डेकर बस पलटी, एक युवक का पैर कटा

डबल डेकर बस पलटी, एक युवक का पैर कटा

-

गंगा एक्सप्रेसवे पर हुआ हादसा, 20 से ज्यादा यात्री हुए दुघर्टना में घायल


बदायूं। गंगा एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार सुबह करीब साढ़े 5 बजे एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। वजीरगंज थाना क्षेत्र के नौली हरनाथपुर गांव के पास एक डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दुर्घटना में 20 से अधिक यात्री घायल हो गए, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, बस वाराणसी से दिल्ली जा रही थी। सुबह करीब 5 बजे गंगा एक्सप्रेसवे पर नौली हरनाथपुर के निकट यह हादसा हुआ। दुर्घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में जुट गए।

सूचना मिलने पर वजीरगंज थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। एंबुलेंस की सहायता से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र वजीरगंज पहुंचाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार शुरू किया गया। गंभीर रूप से घायल कुछ यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल बदायूं रेफर कर दिया गया।

हादसे में एक युवक का पैर कट गया, जबकि दूसरे युवक के पैर का पंजा गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गया। बस का कंडक्टर भी गंभीर रूप से घायल हुआ है। गंभीर रूप से घायल यात्रियों में उत्तराखंड के तजवर सिंह (30), प्रयागराज के समर (9) और अभिषेक (15), तथा अली अहमद (35) शामिल हैं, जिन्हें जिला अस्पताल भेजा गया।

अन्य घायलों में दिल्ली के जसविंदर सिंह, प्रयागराज के यश, हरियाणा की ज्योति, उत्तराखंड के सुरेश, प्रयागराज के आशीष सिंह, हरदोई के महेश यादव, हरियाणा के संदीप, राजबाला और आशा, वाराणसी के विशाल और जगदीश कुमार, दिल्ली के राजेश कुमार व निशा, मेरठ के आदेश शर्मा, आजमगढ़ के रत्नाकर वर्मा, अंकित और विराज सहित कई यात्री शामिल हैं।
एक ही परिवार के तीन सदस्य भी इस हादसे में घायल हुए हैं। वजीरगंज थाना पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को कब्जे में ले लिया है और हादसे के कारणों की जांच कर रही है। प्राथमिक जांच में चालक द्वारा नियंत्रण खोना दुर्घटना की मुख्य वजह मानी जा रही है। ग्रामीणों और पुलिस की तत्परता से सभी घायलों को समय रहते अस्पताल पहुंचाया गया, जिससे बड़ा नुकसान टल गया। घायलों का उपचार जारी है।

Related articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

4,000,000FansLike
100,000SubscribersSubscribe

Latest posts