HomeAccident Newsकंटेनर-डंपर में टक्कर के बाद भीषण आग, दो जिंदा जले

कंटेनर-डंपर में टक्कर के बाद भीषण आग, दो जिंदा जले

-

सीट से चिपके मिले शव, सिर्फ हड्डियां बचीं, आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर दोनों गाड़ियां जलकर राख


आगरा। अलीगढ़-आगरा हाईवे पर शनिवार सुबह कंटेनर और डंपर की भीषण टक्कर हो गई। हादसे के बाद दोनों गाड़ियों में भीषण आग लग गई। इसमें डंपर चालक और क्लीनर की जिंदा जलकर मौत हो गई। दोनों के शव सीट से चिपके मिले हैं। सिर्फ हड्डियां बची हैं।

वहीं, कंटेनर चालक और पास से गुजर रहे बाइक सवार गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा सुबह करीब 5:45 बजे हुआ।

टक्कर इतनी तेज थी कि धमाके जैसी आवाज हुई और तेज धुआं उठने लगा। कुछ ही पलों में ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

इस दौरान हाईवे पर 5 किमी लंबा जाम लग गया। पुलिस ने क्रेन से गाड़ियां हटवाकर हाईवे के किनारे करवाईं। मृतकों की पहचान धौलपुर जिले के मनिया थाना क्षेत्र के कोड़राका निवासी आकाश (25) और करुआ (24) के रूप में हुई है। हादसा जिला मुख्यालय से 36 किमी दूर खंदौली थाना क्षेत्र के पास हुआ।

पुलिस के मुताबिक, गिट्‌टी लगा डंपर अलीगढ़ से आगरा की तरफ जा रहा था। तभी उसकी सामने आ रहे फ्रोजन मटर लदे कंटेनर से टक्कर हो गई। इस दौरान डंपर के पीछे चल रहे बाइक सवार 2 युवक उससे टकरा गए। दोनों ने एक-दूसरे को संभाला। बाइक के साथ हाईवे के किनारे आए।

तब तक कंटेनर और डंपर में भीषण आग लग गई। कंटेनर चालक ने कूदकर अपनी जान बचाई, जबकि डंपर चालक और क्लीनर अंदर फंस गए। दोनों की मौत हो गई। हादसे में घायल बाइक सवार युवकों में सुमित सिंह पुत्र प्रीतम सिंह और सीटू पुत्र दिवान सिंह निवासी नगला जालिम, खंदौली हैं। दोनों का इलाज चल रहा है।

पुलिस की शुरूआती जांच के मुताबिक, हादसा डंपर चालक को नींद की झपकी आने से हुआ। घायल सुमित ने बताया कि वह सीटू के साथ बाइक से सादाबाद मंडी गए थे। लौटते समय उनके आगे चल रहे डंपर ने अचानक ब्रेक लगा दिया। जिस वजह से बाइक डंपर से टकरा गई।

फतेहाबाद के मुबारकपुर निवासी कंटेनर चालक शिवराम ने बताया कि मैं चंदौसी से गुजरात जा रहा था। हाईवे पर अचानक डंपर सामने आ गया। मैंने ब्रेक लगाकर गाड़ी मोड़ने की कोशिश की, लेकिन डंपर साइड से कंटेनर में भिड़ गया और उसमें आग लग गई। देखते ही देखते कंटेनर का पिछला हिस्सा भी आग की चपेट में आ गया। इससे पहले पूरी कंटेनर में आग फैलती, मैं नीचे कूद गया। मेरे पैर और सिर में भी चोट आई है।

इंस्पेक्टर उपेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। डंपर मालिक से बात कर परिजनों को भी घटना की जानकारी दे दी गई है। हाईवे पर यातायात सामान्य हो गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Related articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

14,000FansLike
6,000SubscribersSubscribe

Latest posts