तेल भरने के लिए मची होड़, बाल्टी-डिब्बे लेकर लोग पहुंचे, ट्रेलर ने मारी टक्कर
आगरा। शनिवार सुबह पेट्रोल से भरा टैंकर ट्रेलर से टकराने के बाद पलट गया। हादसे में टैंकर का टैंक फट गया और पेट्रोल-डीजल सड़क पर बहने गया। इसकी जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और कैन-डिब्बों में तेल भरने लगे।
पुलिस के मुताबिक, टैंकर फिरोजाबाद के रसूलाबाद जा रहा था। पुलिया के पास ट्रेलर ने उसे टक्कर मार दी। तेल का रिसाव होने से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है। हादसा एत्मादपुर थाना क्षेत्र में सुबह करीब 7:45 बजे हुआ। गनीमत रही कि हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ।
टैंकर के परिचालक शिवदत्त ने बताया कि एत्मादपुर इंडियन आॅयल डिपो से टैंकर में 3 हजार लीटर पेट्रोल और 9 हजार लीटर डीजल भरा था। फतेह सिंह की पुलिया के पास फिरोजाबाद की ओर से आगरा जा रहे ट्रेलर ने टैंकर में टक्कर मार दी। इससे टैंकर का टैंक फट गया और पेट्रोल-डीजल सड़क पर बहने लगा। करीब 3 से 4 लाख रुपए के नुकसान का अनुमान है।
हादसे के बाद हाईवे पर वाहनों की आवाजाही रुक गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने भीड़ को हटाकर स्थिति संभाली। इसके बाद क्रेन की मदद से टैंकर को सड़क से हटवाया गया। सड़क पर फैले पेट्रोल-डीजल से आग लगने का खतरा बना हुआ था। इसे देखते हुए पुलिस ने आसपास खड़े लोगों को हटाया और ट्रैफिक खुलवाया।