महिला की हत्या और लूट के मामले में वांछित थे-एक बदमाश के दोनों पैरो में लगी गोली
मेरठ। थाना हस्तिनापुर क्षेत्र में महिला की हत्या के मामले में दो वांटेड आरोपियों के साथ देर रात पुलिस की मुठभेड़ हो गई।बदमाश पुलिस टीम पर फायर झोंक कर भाग रहे थे। पुलिस के मुताबिक मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश के दोनों पैरों में गोली लग गई। उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। जबकि, दूसरे बदमाश को पुलिस ने घेरकर दबोच लिया। बदमाशो के पास से तमंचा ,कारतूस, मोबाइल फोन और महिला से लूटे गए आभूषण बरामद किए गए है। पुलिस के मुताबिक, बीती 13 सितंबर को हस्तिनापुर थानाक्षेत्र के गणेशपुर गांव की रहने वाली विमला देवी सुबह करीब 5 बजकर 15 मिनट पर घर से टहलने के लिए निकली थीं। इसी दौरान अज्ञात हमलावर ने उनके सिर पर ईंट से हमला कर उनकी हत्या कर दी थी। आरोपी महिला के कानों की सोने की बालियां, गले में पहना सोने का ओम, पैरों की पायल और मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए थे। मामले में थाना हस्तिनापुर में धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई थीं। पुलिस के अनुसार शुक्रवार देर रात मवाना-हस्तिनापुर बॉर्डर पर रजवाहे की पुलिया के पास पुलिस टीम ने दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि, इस दौरान दोनों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। फायरिंग में पुलिस का वाहन क्षतिग्रस्त हुआ, जबकि पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए।इसके बाद पुलिस टीम ने जवाबी कार्रवाई की। पुलिस के मुताबिक, शिवम उर्फ शुभम उर्फ भगत उर्फ बारवी के दोनों पैरों में गोली लगी और जिससे वो घायल होकर गिर गया। वहीं, उसका साथी कोशेन्द्र उर्फ गुल्लू मौके से भागने लगा, जिसे पुलिस ने पीछा कर गिरफ्तार कर लिया। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे और निशानदेही से एक .315 बोर का तमंचा, एक खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस, दो मोबाइल फोन, एक जोड़ी पाजेब और एक जोड़ी कानो के कुंडल आदि बरामद किए गए हैं।
पुलिस ने बताया कि घायल आरोपी शिवम उर्फ शुभम के खिलाफ पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। मुठभेड़ के संबंध में पुलिस ने मुकदमे में धारा 109(1) बीएनएस और आर्म्स एक्ट की धाराएं भी बढ़ाई हैं।

