बिलासपुर हाईवे बाइपास पर हुआ हादसा, तीन गंभीर रेफर, धान लगाने जा रहे थे मजदूर
रामपुर। बिलासपुर में शुक्रवार सुबह सुबह करीब 6 बजे नेशनल हाईवे के बाइपास पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। एक कैंटर ने आगे जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे ट्रॉली पलट गई।
इस दुर्घटना में दोनों वाहनों के चालकों सहित कुल 11 लोग घायल हो गए। इनमें से तीन गंभीर घायलों को हायर सेंटर रेफर किया गया है। ट्रॉली में सवार मजदूर खेत में धान लगाने जा रहे थे। इसी दौरान अचानक पीछे से आ रहे तेज रफ्तार कैंटर ने उनकी ट्रॉली को जोरदार टक्कर मार दी। जिससे यह हादसा हो गया।
यह हादसा बाइपास पर रामनगर रोड के पास सुबह करीब 6 बजे हुआ। घायलों में पीलीभीत जिले के शिवनगर गांव निवासी ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक राजेश कुमार (24) और मजदूर सुंदरलाल (24), सुखविंदर (21), नंदू (30), विपिन कुमार (21), राम अवतार (30), चेतराम (42) शामिल हैं।
इसी जनपद के गजरैला गांव निवासी रामचरन (35), अमित (20) और खेमकरन (50) भी घायल हुए हैं। इनके अलावा अमरोहा जिले के जयतौली गांव निवासी कैंटर चालक जितेंद्र (31) को भी चोटें आई हैं।
घायल मजदूरों ने बताया कि वे सभी नगर से सटे खौंदलपुर गांव निवासी जसपाल सिंह के डेरे पर रहकर मजदूरी करते हैं। सुबह वे डेरा मालिक के सिहौर गांव स्थित खेत में धान लगाने के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली पर सवार होकर जा रहे थे।
मजदूरों के अनुसार, अचानक पीछे से आ रहे तेज रफ्तार कैंटर ने उनकी ट्रॉली को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रॉली सड़क पर पलट गई और चालक सहित सभी मजदूर सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
वहीं, कैंटर चालक जितेंद्र ने बताया कि वह दिल्ली से फ्रूट लेकर रुद्रपुर (उत्तराखंड) की मंडी में उतारने जा रहे थे। अचानक झपकी आने के कारण उनका कैंटर आगे जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गया।
सीएचसी के चिकित्साधिकारी डॉ. तारिक इमरान ने जानकारी दी कि सभी घायलों को खुली और गुम चोटें लगी हैं, जिनका उपचार किया गया है। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायल ट्रैक्टर चालक राजेश, कैंटर चालक जितेंद्र और मजदूर अमित को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।
कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक जीत सिंह ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया गया है। हादसे की अभी कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।