लोगों द्वारा बुलाई पुलिस से बोली तीन साल से रिलेशनशिप में हूं, कार्रवाई नहीं चाहती
गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन की एक सोसायटी में 16 सितंबर की सुबह एक युवती फटे कपड़ों में जाती हुई दिखाई दी। सोसायटी के लोगों ने नंदग्राम पुलिस को सूचना दी। लोगों ने पुलिस को बताया कि युवती के साथ कोई गलत घटना हुई हो सकती है। इसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर महिला एसीपी सुचिता सिंह ने मामले की जांच शुरू की।
पुलिस ने युवती को ट्रेस कर उसका बयान लिया। युवती ने पुलिस से कहा कि उसकी पहचान सार्वजनिक न की जाए। उसने बताया कि वह अपनी मर्जी से सोसायटी से गई थी और बाद में कैब से अपने घर लौट आई।
पुलिस के मुताबिक, युवती इंदिरापुरम क्षेत्र की रहने वाली है और नोएडा की एक कंपनी में नौकरी करती है। उसका पिछले करीब 3 साल से एक युवक के साथ संबंध है। 15 सितंबर की रात वह अपने दोस्त के साथ राजनगर एक्सटेंशन की ङह सृष्टि सोसायटी पहुंची थी। यहां युवक का फ्लैट है।
युवती ने पुलिस को बताया कि युवक ने शराब पी रखी थी और इसके बाद भी वह शराब पीता रहा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। युवती के मुताबिक, इसी दौरान युवक ने उसके कपड़ों पर हाथ मारा, जिससे कपड़े फट गए। इसके बाद युवती ने कैब बुक की और 16 सितंबर की सुबह करीब 4 बजे सोसायटी के गेट से कैब लेकर इंदिरापुरम स्थित अपने घर चली गई।
सोसायटी के लोगों के मुताबिक, युवती के कपड़े फटे हुए थे और वह फोन पर किसी से बात कर रही थी। उन्हें लगा कि उसके साथ कोई गलत घटना हुई है। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने युवती का लिखित और वीडियो बयान भी लिया है। युवती ने पुलिस से कहा कि वह मामले में कोई कार्रवाई नहीं चाहती।
महिला अपराध एसीपी सुचिता सिंह ने बताया कि सोसायटी के लोगों से युवती के संबंध में सूचना मिली थी। पुलिस ने युवती को ट्रेस कर लिया। युवती ने बताया कि उसका अपने दोस्त से शराब पीने को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद उसने कैब बुक की और अपने घर चली गई।