– बिहार से लौटते समय हुई वारदात, घटना संदिग्ध मानकर पुलिस कर रही जांच।
अंबेडकरनगर। जहांगीरगंज थाना क्षेत्र में बिडहर पुल के पास एक कपड़ा व्यवसायी से करीब 17 लाख रुपये की लूट हुई है। यह घटना तब हुई जब व्यवसायी बिहार से कपड़ों की बिक्री की वसूली कर लौट रहे थे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है। हालांकि, पुलिस इस मामले को संदिग्ध मानकर पीड़ित के बयानों के आधार पर जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार जहांगीरगंज थाना क्षेत्र के नेवारी दुराजपुर निवासी मो. रहीस कपड़े का बड़ा व्यवसाय करते हैं। बताया जाता है कि शनिवार को वे बिहार से बेचे गए कपड़ों की वसूली करके ट्रेन से खलीलाबाद तक आए थे। वहां से वे अपने मित्र मो. जलाल, जो मुंडेरा, थाना हंसवर के निवासी हैं, के साथ बाइक से अपने घर लौट रहे थे।
शनिवार सुबह करीब 7:30 बजे, जब वे जहांगीरगंज थाना क्षेत्र के बिडहर पुल के पास पहुंचे, तभी एक स्विफ्ट डिजायर में सवार तीन बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। बदमाशों ने असलहे के बट से मारकर दोनों को घायल कर दिया। उन्होंने मो. रहीस के पास रखे करीब 13 लाख रुपये और मो. जलाल के पास रखे करीब 3 लाख 90 हजार रुपये नकद के साथ-साथ बैग में रखा चेकबुक भी लूट लिया।
लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश हंसवर की दिशा में फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक हरेंद्र, डिप्टी एसपी प्रदीप सिंह चंदेल, इंस्पेक्टर संतोष सिंह, उप निरीक्षक कृष्ण यादव और इंद्रजीत सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और मामले की गहनता से जांच कर रही है।

