Homeउत्तर प्रदेशMeerutसैनिक कभी सेवानिवृत्त नहीं होता, वर्दी बदलती है संकल्प नहीं : सीएम...

सैनिक कभी सेवानिवृत्त नहीं होता, वर्दी बदलती है संकल्प नहीं : सीएम योगी

-

पूर्व सैनिक रैली में पहुंचे मुख्यमंत्री, सुरक्षा कड़ी, माल रोड पर भारी वाहन प्रतिबंधित, पूर्व सैनिकों से करेंगे संवाद


शारदा रिपोर्टर मेरठ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि देश के भीतर कोई भी आपदा आती है तो हर मोर्चे पर सबसे पहले हमारा सैनिक खड़ा मिलता है। सैनिक कभी सेवानिवृत्त नहीं होता। उसकी वर्दी बदलती है, लेकिन संकल्प कभी नहीं बदलता। वह सीमा पर राष्ट्र के प्रहरी के साथ गांव और समाज के लिए प्रेरणा भी बनता है।

सीएम ने कहा कि यूपी वीरों की भूमि है। यहां करीब 20 लाख सैनिकों का विशाल परिवार रहता है। देश में हर साल लगभग 60 हजार सैनिक सेवानिवृत्त होते हैं। यह वही प्रदेश है जिसने देश को नायक जदुनाथ सिंह और परमवीर चक्र विजेता अब्दुल हमीद जैसे वीर दिए हैं। कार्यक्रम में 8 जिलों के सैनिक कार्यालयों का लोकार्पण भी किया गया।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि गाजीपुर का गहमर गांव देश में सबसे ज्यादा जवान देने वाला गांव है। प्रदेश के 2,685 सपूतों ने देश की रक्षा में अपना बलिदान दिया है। मैं सभी वीर सपूतों और उनके परिवारों को कोटि-कोटि नमन करता हूं।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि एक समय मेरठ की पहचान वाहन चोरी, अवैध कटान, कट्टा और माफिया राज के लिए होने लगी थी। किसान गन्ना भुगतान के लिए परेशान रहते थे और उस समय की पुलिस किसानों पर लाठियां बरसाती थी। मिलों पर ताले लगे थे, खेतों में बिजली नहीं मिलती थी और खाद के लिए लंबी लाइनें लगती थीं। ट्यूबवेल और बिजली के तार तक चोरी हो जाते थे। उन्होंने कहा कि आज मेरठ वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट के तहत खेल उत्पादों के क्षेत्र में अपनी पहचान बना रहा है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पहले देश की सुरक्षा के साथ लगातार समझौते होते थे। देश में आतंकी हमला होने पर तत्कालीन सरकारें सिर्फ डोजियर भेजकर अपनी जिम्मेदारी पूरी समझ लेती थीं। बहुत हुआ तो बुझे मन से हमले की निंदा कर देती थीं। उन्होंने कहा कि आज आतंकी हमला करने वालों की हेकड़ी निकाल दी गई है। बच्चों को रक्षा क्षेत्र में जाने के लिए तैयार करने के उद्देश्य से अलग-अलग जगहों पर सैनिक स्कूलों का निर्माण कराया जा रहा है।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि देश से नक्सलवाद और माओवाद समाप्त हुआ है। 2013-14 की तुलना में देश का डिफेंस उत्पादन 55 गुना बढ़ा है, इसमें उत्तर प्रदेश की भी भागीदारी है। उन्होंने कहा कि आॅपरेशन सिंदूर में ब्रह्मोस मिसाइल ने पाकिस्तान के छक्के छुड़ा दिए थे।

स्वदेशी राइफल के पार्ट्स लखनऊ और कानपुर में बनाए जा रहे हैं। कानपुर में एम्युनिशन का भी उत्पादन हो रहा है। उन्होंने कहा कि एटीएस देवबंद से लेकर सीमावर्ती इलाकों तक स्लीपर सेल के खिलाफ कार्रवाई कर रहा है। साथ ही एक भारत, श्रेष्ठ भारत और एक देश, एक विधान की संकल्पना को साकार रूप मिला है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वीरता पुरस्कार से सम्मानित सैनिकों को मिलने वाली आर्थिक सहायता दोगुनी करने की घोषणा की है। इसमें एकमुश्त मिलने वाली राशि और वार्षिकी दोनों शामिल हैं। उन्होंने कहा कि सरकार सभी श्रेणियों में दी जाने वाली सहायता राशि दोगुनी करेगी।

ये जनप्रतिनिधि रहे मंच पर मौजूद
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कुलवंत सिंह स्टेडियम में आयोजित पूर्व सैनिक पुनर्मिलन समारोह के मंच पर पहुंचें। उनके साथ मंत्री सोमेंद्र तोमर, मंत्री दिनेश खटीक, राज्यसभा सांसद डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी, सांसद अरुण गोविल, महापौर हरिकांत आहलूवालिया, जिला पंचायत अध्यक्ष गौरव चौधरी, एमएलसी धर्मेंद्र भारद्वाज, एमएलसी अश्वनी त्यागी और कैंट विधायक अमित अग्रवाल मौजूद रहे।

Related articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

14,000FansLike
6,000SubscribersSubscribe

Latest posts