HomeAccident Newsड्यूटी पर जा रहे सिपाही की हादसे में गई जान

ड्यूटी पर जा रहे सिपाही की हादसे में गई जान

-

पीआरबी सिपाही को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम


कानपुर। देहात के रसूलाबाद में शुक्रवार रात ड्यूटी पर जा रहे पीआरबी सिपाही की सड़क हादसे में मौत हो गई। रसूलाबाद-बिसधन रोड पर आदर्श गार्डन के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। गंभीर हालत में सिपाही को सीएचसी रसूलाबाद ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में शोक फैल गया।

मृतक की पहचान आरक्षी अजय प्रताप (30) के रूप में हुई है। वह रसूलाबाद थाने में पीआरबी वाहन संख्या 5750 पर तैनात थे। हादसे की जानकारी मिलने पर अपर पुलिस अधीक्षक आलोक प्रसाद और सीओ रसूलाबाद आलोक सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

शुक्रवार रात करीब 11 बजे पीआरबी वाहन 5750 पर होमगार्ड राजकिशोर चालक और आरक्षी अजय प्रताप ड्यूटी पर तैनात थे। पुलिस टीम को एक सूचना पर मौके के लिए रवाना होना था। इसी दौरान रसूलाबाद-बिसधन रोड पर आदर्श गार्डन के पास अजय प्रताप वाहन से नीचे उतरकर मोबाइल पर बात करने लगे। तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर लगने से अजय प्रताप गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रसूलाबाद ले गई। वहां चिकित्सक डॉ. सौरभ शाक्य ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

अजय प्रताप मूल रूप से फिरोजाबाद जिले के शिकोहाबाद के रहने वाले थे। वह शादीशुदा थे और परिवार में पत्नी के अलावा एक बेटा है। हादसे की सूचना परिजनों को दे दी गई है। जवान की मौत से परिवार में मातम छा गया।

घटना की जानकारी मिलने पर एएसपी आलोक प्रसाद और सीओ रसूलाबाद आलोक सिंह भी मौके पर पहुंचे। थाना प्रभारी शिवनारायण सिंह ने बताया कि परिजनों को सूचना दे दी गई है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। टक्कर मारने के बाद फरार हुए अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।

Related articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

14,000FansLike
6,000SubscribersSubscribe

Latest posts