बेटी की शादी के कार्ड बांटकर लौट रहे थे, पति के सिर पर ईंटों से किए वार
अलीगढ़। बेटी की शादी का कार्ड बांटकर और भाईदूज पर मायके में टीका कराकर लौट रहे दंपती को बदमाशों ने सुनसान रास्ते पर घेर लिया। खेतों से निकलकर आए दो बदमाशों ने पहले पति के सिर पर ईंटों से ताबड़तोड़ कई वार किए। पत्नी का मुंह कपड़े से दबाकर उसे धमकाया और सोने का मंगलसूत्र, मोबाइल व पर्स में रखे 2 से 3 हजार रुपये लूट लिए। वारदात के बाद दोनों बदमाश खेतों के रास्ते फरार हो गए। घायल पति के सिर में कई टांके आए हैं। देर रात एसएसपी नीरज जादौन ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर निरीक्षण किया। महुआखेड़ा थाने में दो अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूट का मुकदमा दर्ज किया गया है।
बन्नादेवी क्षेत्र के बरौला जाफराबाद निवासी प्रेमकुमार बैटरी का व्यापार करते हैं। 11 नवंबर को भाईदूज के दिन वह पत्नी रेखा देवी के साथ गंगीरी क्षेत्र स्थित अपनी ससुराल गए थे। वहां पत्नी ने भाइयों को टीका किया और दंपती ने 24 नवंबर को होने वाली बेटी की शादी के निमंत्रण कार्ड भी बांटे। देर शाम दोनों बाइक से अलीगढ़ लौट रहे थे। जीटी रोड से धनीपुर एयरपोर्ट के पास से याकूतपुर गांव होकर शहर में आने वाले संपर्क मार्ग पर वे शॉर्टकट के चलते पहुंच गए।
याकूतपुर पुलिया से करीब 200 मीटर आगे कायमपुर रोड पर बाइक से बंधा सामान ढीला हो गया। इस पर प्रेमकुमार ने बाइक रोक दी और पत्नी के साथ सामान ठीक करने लगे। इसी दौरान खेतों की तरफ से दो बदमाश आ धमके। आरोप है कि बदमाशों ने आते ही प्रेमकुमार पर ईंटों से हमला कर दिया। सिर पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं दूसरे बदमाश ने रेखा देवी का मुंह कपड़े से दबा दिया और धमकाते हुए उसके गले से सोने का मंगलसूत्र, मोबाइल और पर्स में रखे 2-3 हजार रुपये लूट लिए।
बदमाशों ने करीब 25 से 30 मिनट तक दंपती को आतंकित कर लूटपाट की। इसके बाद दोनों खेतों के रास्ते भाग गए। हमले में घायल प्रेमकुमार किसी तरह पत्नी को लेकर वहां से निकले और सीधे एक निजी अस्पताल पहुंचे। वहां उनका उपचार शुरू हुआ। सिर की चोटों पर कई टांके लगाए गए। अस्पताल से ही उन्होंने परिजनों और पुलिस को घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजन, रिश्तेदार और पुलिसकर्मी अस्पताल व घटनास्थल पर पहुंचे।
घटना की जानकारी मिलने पर एसएसपी नीरज जादौन ने देर रात घटनास्थल का निरीक्षण किया। वहीं प्रेमकुमार के भतीजे संजू वर्मा ने सहयोगियों के साथ महुआखेड़ा थाने पहुंचकर तहरीर दी। पुलिस ने दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 309(6) में मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक ओमदत्त मिश्रा को सौंपी गई है।