दिल्ली-मुरादाबाद हाईवे पर हुआ हादसा, दो लोग गंभीर रूप से घायल
हापुड़। दिल्ली-मुरादाबाद नेशनल हाईवे-09 पर गुरूवार सुबह सीमेंट से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई। हादसे में एक युवक की मौत हो गई और दो लोग घायल हो गए।
हादसा कोतवाली देहात इलाके के ततारपुर गांव के सामने दिल्ली से मुरादाबाद जाने वाली सड़क पर हुआ। पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) हापुड़ में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार सुबह करीब 8:30 बजे स्वराज ट्रैक्टर-ट्रॉली सिकंदराबाद से सीमेंट लेकर हापुड़ जा रही थी। ततारपुर गांव के सामने पहुंचने पर अचानक अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई। उस समय उस पर तीन लोग सवार थे।
हादसे में दीपक पुत्र चंद्रपाल निवासी नगला बॉयस, वाजिदपुर, थाना जरीफनगर, जिला बदायूं और अनुज पुत्र अमर सिंह निवासी एनटीपीसी दादरी, थाना जारचा, नोएडा घायल हुए। तीसरे व्यक्ति ओमप्रकाश निवासी गुलावठी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी पारस मलिक मौके पर पहुंचे।
इसके बाद क्रेन की मदद से ट्रैक्टर ट्रॉली को हटवाकर दबे हुए तीनों लोगों को बाहर निकाला गया। पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया। थाना प्रभारी पारस मलिक ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। तहरीर आने पर मामला दर्ज कर कार्यवाही की जाएगी।