तनना के पास हादसा, रातभर पानी में पड़ा रहा शव, मोबाइल से हुई पहचान
कौशाम्बी। मंझनपुर थाना क्षेत्र के तनना नहर पुलिया के पास बुधवार रात बाइक सवार युवक अनियंत्रित होकर नहर में गिर गया। हादसे में उसकी मौत हो गई। युवक का शव रातभर नहर में पड़ा रहा। गुरुवार सुबह करीब 7 बजे राहगीरों की नजर शव पर पड़ी तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची डायल 112 पुलिस ने जांच-पड़ताल शुरू की।
पुलिस ने मृतक के पास मिले मोबाइल फोन के जरिए उसकी पहचान करारी निवासी दिनेश कुमार पुत्र संत नारायण के रूप में की। बताया गया कि दिनेश किसी काम से धाता गया था। घर लौटते समय तनना नहर पुलिया के पास उसकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और वह बाइक समेत नहर में जा गिरा। रात होने के कारण हादसे की जानकारी किसी को नहीं हो सकी।
गुरुवार सुबह शव दिखाई देने पर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया।