तीन युवक गंभीर रूप से घायल, नंबर प्लेट से फरार चालक की तलाश
सीतापुर। पिसावां थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात करीब 10:30 बजे तेज रफ्तार कार ने दो बाइकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार 30 वर्षीय अनंत राम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मूड़ा गांव निवासी रामू, हरिओम और जालेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए।
दुर्घटना पिसावां-सेजखुर्द मार्ग पर नेवादा गांव के पास एक बाग के निकट तीखे मोड़ पर हुई। हादसे के बाद कार चालक वाहन समेत फरार हो गया। पुलिस घटनास्थल पर मिली नंबर प्लेट के आधार पर उसकी तलाश कर रही है।
इमलिया सुल्तानपुर थाना क्षेत्र के चंदनपारा पिपरी गांव निवासी अनंत राम (30) पुत्र केशन दो दिन पहले पत्नी पिंकी के साथ मूड़ा खुर्द गांव आए थे। बुधवार को उन्होंने बाजार में मिठाई की दुकान पर बिक्री कराई। देर शाम दुकान बंद करने के बाद वह घर लौट रहे थे। उनके साथ मूड़ा गांव निवासी रामू, हरिओम और जालेंद्र भी दो अलग-अलग बाइकों पर सवार थे।
बताया गया कि नेवादा गांव के पास तीखे मोड़ पर सामने से आ रही कार ने दोनों बाइकों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि अनंत राम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया।
हादसे के बाद कार चालक मौके से भाग निकला। टक्कर के दौरान कार की नंबर प्लेट टूटकर घटनास्थल पर गिर गई थी। परिजनों ने नंबर प्लेट उठाकर पुलिस को सौंप दी। अनंत राम मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। परिवार में पत्नी पिंकी और तीन वर्षीय बेटा संगम है। युवक की मौत से पत्नी और मासूम बेटे का रो-रोकर बुरा हाल है।
थानाध्यक्ष प्रभात कुमार गुप्ता ने बताया कि हादसे में एक युवक की मौत हुई है और तीन लोग घायल हुए हैं। घटनास्थल से मिली नंबर प्लेट के आधार पर फरार कार चालक की तलाश की जा रही है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।