– शाही ईदगाह पर नमाज सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई।
शारदा एक्सप्रेस रिपोर्टर मेरठ। गुरुवार को कड़ी सुरक्षा के बीच दिल्ली रोड़ स्थित शाही ईदगाह में ईद उल अजहा की नमाज़ अदा की गई। सुबह के करीब छह बजे से ही नमाजियों का ईदगाह पहुंचना शुरू हो गया। जिसको देखते हुए पुलिस-प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। नमाज को लेकर प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। शहर भर में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी देखने को मिली। शाही ईदगाह के बाहर एडीजी मेरठ जोन भानु भास्कर, जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह, एसएसपी अविनाश पांडे, एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले और एसपी ट्रैफिक राजेश कुमार श्रीवास्तव समेत भारी पुलिस बल तैनात रहा। ईदगाह के मुख्य गेट से ईदगाह चौराहा और रेलवे रोड चौराहे तक दोनों ओर सुरक्षा बल की तैनाती की गई थी।

दिल्ली रोड़ स्थित शाही ईदगाह में ईद उल अजहा के मौके पर सुबह बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने ईद की नमाज अदा की। सुबह से ही दिल्ली रोड स्थित ईदगाह परिसर में लोगों की भारी भीड़ देखने को मिली। नमाज शुरू होने से ठीक 15 मिनट पहले मैदान भर गया। इसके बाद अफसरों ने नमाजियों को अन्य मस्जिदों की ओर भेज दिया। मजबूत सुरक्षा इंतजाम करते हुए पुलिस की ओर से सीसीटीवी कैमरा के अलावा ड्रोन की व्यवस्था भी की गई। ड्रोन की मदद से न केवल ईदगाह के अंदर की व्यवस्था बल्कि बाहर के सभी प्रमुख रास्तों की निगरानी की गई। भीड़ मैनेजमेंट में ड्रोन ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले खुद ड्रोन के जरिए नजर बनाए हुए थे। वहीं, नमाज अदा करने के बाद बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी नए कपड़ों में ईद की खुशियां मनाते नजर आए। नमाज के बाद लोगों ने एक दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी और देश में अमन, खुशहाली और तरक्की के लिए दुआ मांगी। ईदगाह के मुख्य द्वार पर पुलिस बल तैनात रहा और आने जाने वाले लोगों पर नजर रखी गई। वहीं, शहर काजी डा.जैनुस सालिकीन सिद्दीकी ने ईद-उल-अजहा की नमाज कराई और सभी को ईद की मुबारकवाद दी।

ईद की नमाज के दौरान कारी शफीकुर्रहमान ने अपने संबोधन में लोगों को आपसी प्रेम, भाईचारे और इंसानियत का संदेश दिया।उन्होंने कहा कि ईद केवल खुशी का त्योहार नहीं बल्कि त्याग, सेवा और जरूरतमंदों की मदद करने की सीख भी देता है। लोगों से समाज में सौहार्द बनाए रखने और एक दूसरे की भावनाओं का सम्मान करने की अपील की। इस दौरान देश और दुनिया में शांति कायम रहने की दुआ की गई। साथ ही युवाओं से शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने और सामाजिक जिम्मेदारियों को निभाने का आह्वान किया गया।

ईद को लेकर बच्चों में विशेष उत्साह दिखाई दिया। छोटे बच्चे रंग बिरंगे कपड़ों में अपने परिजनों के साथ ईदगाह पहुंचे। नमाज के बाद बच्चों ने ईदी प्राप्त की और मेले जैसी रौनक का आनंद लिया। वहीं, ईदगाह के बाहर खिलौनों, मिठाइयों और खाने पीने की दुकानों पर भीड़ उमड़ी रही। ईद के पर्व पर कुल 508 ईदगाहों और 957 मस्जिदों में नमाज अदा की गई। इनमें मेरठ में 173 ईदगाह और 515 मस्जिदों में नमाज अदा की गई।



