Homeउत्तर प्रदेशMeerutदिनभर ट्रैक्टर-ट्रॉली की नो एंट्री, रात 8 बजे से छूट

दिनभर ट्रैक्टर-ट्रॉली की नो एंट्री, रात 8 बजे से छूट

-

आज से शहरभर में रहेगी सख्ती, हापुड़ अड्डे पर 72 ई-रिक्शा किए सीज


शारदा रिपोर्टर मेरठ। शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने और जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने भारी वाहनों की आवाजाही पर समयबद्ध प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया है।

27 नवंबर यानी शुक्रवार से सुबह 10 बजे से रात 8 बजे तक ट्रैक्टर-ट्रॉली, रोड़ी-डस्ट से भरे भारी वाहन और गन्ने से लदे ट्रॉले शहर में प्रवेश नहीं कर सकेंगे। इस व्यवस्था को लागू कराने के लिए देहात से शहर की ओर आने वाले प्रमुख मार्गों पर चेक प्वाइंट बनाकर यातायात पुलिस तैनात की जाएगी। उधर, गुरुवार को हापुड़ अड्डे पर अतिक्रमण के विरुद्ध अभियान चलाकर 72 ई-रिक्शा सीज किए गए।

गुरुवार को एसपी ट्रैफिक राजेश कुमार श्रीवास्तव ने ट्रैक्टर-ट्रॉली और भारी वाहन स्वामियों व चालकों के साथ बैठक कर नई व्यवस्था की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शहर में दिन के समय भारी वाहनों की आवाजाही से यातायात प्रभावित होता है। कई मार्गों पर इन वाहनों के कारण जाम की स्थिति बनती है। इसे देखते हुए निर्धारित समय में शहर के भीतर इन वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित किया गया है।

देहात से शहर में प्रवेश करने वाले प्रमुख मार्गों पर चेक प्वाइंट बनाए गए हैं। सरधना रोड पर नानू पुल, गढ़ रोड पर काली नदी, मवाना रोड पर गंगानगर, हापुड़ रोड पर बिजली बंबा तक और रोहटा रोड से बागपत रोड तक यातायात पुलिस वाहनों की चेकिंग करेगी। प्रतिबंधित समय में ट्रैक्टर-ट्रॉली और अन्य निर्धारित भारी वाहनों को शहर में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा।

गन्ने से भरे ट्रॉला वाहनों के लिए रात का समय निर्धारित किया गया है। ऐसे वाहन रात 8 बजे से सुबह 8 बजे तक शहर में प्रवेश कर सकेंगे। सुबह 10 बजे से रात 8 बजे तक इनका प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। वाहन स्वामियों और चालकों को नई व्यवस्था का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।

शहर के प्रमुख मार्गों पर ट्रैक्टर-ट्रॉली, गन्ने के ट्रॉले और रोड़ी-डस्ट से भरे भारी वाहनों की आवाजाही से सड़क पर जगह कम हो जाती है। इन वाहनों की धीमी गति, लंबाई और मोड़ पर लगने वाले समय के कारण पीछे चलने वाले छोटे वाहन भी फंस जाते हैं। खासकर बाजारों, चौराहों और व्यस्त मार्गों पर यातायात का दबाव बढ़ने से लंबा जाम लग जाता है।

दिन के व्यस्त समय में भारी वाहनों का प्रवेश रोकने से सड़कों पर वाहनों का दबाव कम होगा। छोटे वाहनों और दोपहिया चालकों को रास्ता मिलेगा। साथ ही स्कूल, कार्यालय और बाजार जाने वाले लोगों की आवाजाही सुगम हो सकेगी।

रात के समय गन्ने के ट्रॉले और अन्य निर्धारित वाहनों को प्रवेश देने से माल ढुलाई भी प्रभावित नहीं होगी। ट्रैफिक पुलिस की चेकिंग और समयबद्ध प्रवेश व्यवस्था से शहर में जाम की समस्या कम होने की उम्मीद है।

हापुड़ अड्डा चौराहे पर अतिक्रमण के विरुद्ध अभियान चलाया गया। इस दौरान सड़क और सार्वजनिक मार्गों पर यातायात में बाधा बन रहे अतिक्रमण को हटवाया गया, ताकि वाहनों और पैदल यात्रियों का आवागमन सुचारू हो सके। इसके साथ ही एआरटीओ, नगर निगम और यातायात पुलिस की टीम ने संयुक्त रूप से ई-रिक्शा के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इसमें कुल 72 ई-रिक्शा सीज किए गए।

Related articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

14,000FansLike
6,000SubscribersSubscribe

Latest posts