हादसे के बाद कार चालक फरार, भागवत-कथा से लौट रही थी महिला
सीतापुर। सकरन थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात करीब 9 बजे सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई। भागवत कथा में शामिल होकर पैदल घर लौट रही महिला को पीछे से आई तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे सीएचसी में भर्ती कराया, जहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया। हादसे के बाद कार चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के ग्राम सलेमपुर निवासी 40 वर्षीय मीरा पत्नी स्वर्गीय शिवनाथ शुक्रवार को पड़ोस के गांव में आयोजित भागवत कथा में शामिल होने गई थीं। देर शाम कथा समाप्त होने के बाद वह पैदल अपने गांव लौट रही थीं।
इसी दौरान ग्राम भिटमनी के पास पीछे से तेज रफ्तार में आई एक अज्ञात कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही मीरा सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद मौके पर आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
परिजन महिला को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उपचार शुरू किया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। महिला की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही हादसे को अंजाम देकर फरार हुई अज्ञात कार और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है।