शारदा रिपोर्टर मेरठ। डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के अवसर पर मंगलवार को थाना सिविल लाइन क्षेत्र स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर चौराहे पर तैनात एंटी रोमियो टीम ने ईमानदारी और सतर्कता का सराहनीय उदाहरण पेश किया। ड्यूटी के दौरान टीम को एक चलती स्कूटी से गिरा हुआ महिला का बैग मिला। बैग में आधार कार्ड, मोबाइल फोन, नकदी और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज रखे हुए थे। मौके पर मौजूद महिला पुलिस कर्मियों महिला उपनिरीक्षक पूजा सिंह, महिला कांस्टेबल नीतू शर्मा और महिला कांस्टेबल प्रीति चौहान ने तुरंत बैग को सुरक्षित अपने कब्जे में लिया और उसमें मौजूद दस्तावेजों के आधार पर महिला की पहचान सुनिश्चित की।

पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए संबंधित महिला से संपर्क किया। कुछ ही समय में महिला मौके पर पहुंची, जहां आवश्यक पुष्टि के बाद उसका बैग सकुशल वापस कर दिया गया। महिला की पहचान रोनिका सिंह पत्नी मनीष, निवासी मिशन कंपाउंड, थाना सिविल लाइन के रूप में हुई।
अपना खोया हुआ बैग और उसमें मौजूद जरूरी सामान सुरक्षित वापस पाकर रोनिका सिंह ने महिला पुलिस कर्मियों की ईमानदारी और कार्यकुशलता की सराहना की तथा एंटी रोमियो टीम का धन्यवाद व्यक्त किया।
इस पूरे घटनाक्रम ने यह साबित कर दिया कि पुलिस न केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने में तत्पर है, बल्कि आम जनता की मदद के लिए भी पूरी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है। पुलिस के इस सराहनीय कार्य से लोगों में विश्वास और भी मजबूत हुआ है।

