– प्रदर्शन करते हुए लगाया गाने में अश्लीलता को बढ़ावा देने का आरोप।
शारदा रिपोर्टर मेरठ। फिल्म केडी दा देवली के गाने ‘सरके चुनर तेरी सरके’ को लेकर देशभर में विवाद बढ़ता जा रहा है। गाने में नोरा फतेही के डांस और बोलों को लेकर सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। वहीं मेरठ में भी इसको लेकर विरोध शुरू हो गया है।

शामली निवासी विजय हिंदुस्तानी ने इस मामले में एसएसपी अविनाश पाण्ड्य को शिकायती पत्र सौंपते हुए गाने पर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि गाने के लिरिक्स और प्रस्तुति अश्लीलता को बढ़ावा देते हैं, जिससे समाज पर गलत प्रभाव पड़ सकता है। इस पर एसएसपी ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
इसी बीच, गाने के विरोध में कुछ लोग मेरठ के एसएसपी कार्यालय पहुंचे और बॉलीवुड मुदार्बाद के नारे लगाते हुए प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि ऐसे गाने भारतीय संस्कृति के खिलाफ हैं और इन्हें रोका जाना चाहिए।
सोशल मीडिया पर भी इस गाने को लेकर बहस तेज है। कई यूजर्स ने इसके बोल और डांस मूव्स को आपत्तिजनक बताया है। वहीं मशहूर सिंगर अरमान मलिक ने भी इस पर नाराजगी जताई है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लिखा कि कमर्शियल सॉन्गराइटिंग अब एक नए निचले स्तर पर पहुंच गई है और यह गाना सुनकर उन्हें दोबारा चेक करना पड़ा कि वह सही सुन रहे हैं या नहीं। उन्होंने यह भी कहा कि काश वह इस गाने को अनसुना कर पाते।
गौरतलब है कि यह गाना एक डांस बार की थीम पर आधारित है, जिसमें नोरा फतेही बैकअप डांसर्स के साथ परफॉर्म करती नजर आ रही हैं, जबकि संजय दत्त इसमें दिखाई देते हैं। हाल ही में रिलीज हुए इस गाने के लिरिकल वीडियो के बाद इसके डबल मीनिंग और सजेस्टिव बोलों को लेकर विवाद और गहरा गया है। फिलहाल, प्रशासन द्वारा मामले की जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई तय होगी।

