– पेट्रोल पंप के सामने हुआ हादसा, चार गंभीर घायल, हायर सेंटर रेफर।
बुलंदशहर। जहांगीराबाद कोतवाली क्षेत्र में बुधवार सुबह एक कार अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को हायर सेंटर रेफर किया गया है।

यह घटना चांदौक और दोराहा के पास एक पेट्रोल पंप के सामने हुई। कोतवाली प्रभारी संजेश कुमार सिंह ने बताया कि बुधवार की सुबह के समय एक टोयटा रुमियान कार सड़क पर अनियंत्रित होकर पलट गई।
हादसे में बदायूं जनपद के बिसौली थाना क्षेत्र के मईबसई निवासी सेवाराम (55) पुत्र नौबत सिंह की मौके पर ही मृत्यु हो गई। कार में सवार चालक भूदेव, सेवाराम के पुत्र नीरज, तथा बिरौती नगला, थाना कादर चौक, बदायूं निवासी गीता पत्नी सतवीर और गगन पुत्र सतवीर गंभीर रूप से घायल हो गए।
सभी घायलों को पहले जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। पुलिस के अनुसार, कार में सवार सभी लोग फरीदाबाद से बदायूं जा रहे थे।
हादसे के बाद सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिन्हें बाद में पुलिस ने हटवाया। कार में सवार एक अन्य व्यक्ति उदल सुरक्षित बताए गए हैं और वे घायलों के साथ अस्पताल गए। मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।

