- प्रदेश में कानून व्यवस्था की बदहाली पर पुतला फूंकने पहुंचे कलक्ट्रेट।
शारदा रिपोर्टर मेरठ। गोरखपुर में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय की काफिले की गाड़ी पर पथराव करने का आरोप लगाते हुए बुधवार को दर्जनों सपाइयों ने कलेक्ट्रेट पर जमकर प्रदर्शन किया। इस दौरान जब सपाइयों ने पुतला फूंकने की कोशिश की, तो पुलिस ने सपाइयों के हाथ से पुतला छीन लिया। पुतला छीनने के जिसके चलते पुलिस और सपाइयों में धक्का-मुक्की भी हुई। लेकिन पुलिस ने सपा कार्यकतार्ओं को पुतला फूंकने नहीं दिया। जिसके बाद सभी कार्यकर्ता सरकार विरोधी नारेबाजी करते हुए जमीन पर बैठ गए और नेता प्रतिपक्ष पर हमला करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान सपा जिलाध्यक्ष विपिन चौधरी ने आरोप लगाते हुए बताया कि, भारतीय जनता पार्टी के कार्यकतार्ओं ने नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पाण्डेय की गाड़ी पर हमला किया। जिसका सभी समाजवादी कार्यकर्ता पुरजोर विरोध करते हैं। उन्होंने कहा कि, आज हम प्रदेश में बढ़ रही गुंड़ई का पुतला फूंक रहे थे। लेकिन पुलिस ने हमें पुतला नहीं फूंकने दिया। उन्होंने कहा कि, हम विपक्ष में है और विपक्ष को पूरा अधिकार है कि वह अपनी बात को सरकार तक पहुंचाए।
उन्होंने कहा कि, गोरखपुर के दौरे के दौरान उप विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और वरिष्ठ समाजवादी नेता माता प्रसाद पांडेय पर असामाजिक तत्वों द्वारा किए गए हमले की समाजवादी पार्टी घोर निंदनीय है। यदि लोकतंत्र में राजनीतिक दलों के जन संपर्क एवं जन समस्याओं की सुनवाई पर सत्ता संरक्षित अराजकतत्वों तथ्यों द्वारा प्राणघातक प्रहार होगा, तो ये अराजकता का राज ही कहलाएगा।
इसलिए समाजवादी पार्टी आरोपियों के विरुद्ध पक्षपात हीन कठोर दंडात्मक कार्रवाई करने की मांग करती है, उन्होंने कहा कि, अगर असामाजिक तत्वों पर सरकार द्वारा कोई कार्रवाई अमल में नहीं लाई जाती तो समाजवादी पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता सड़कों पर उतर कर आंदोलन करता हुआ दिखाई देगा। इस दौरान राज्यपाल के नाम संबोधित एक ज्ञापन भी डीएम कार्यलय में दिया गया।
प्रदर्शन करने वालों में संजय जाटव, डा. मोहसीन खान, अंशुल गुर्जर फफूंडा, माजिद खान, मौ. चांद, अमित जाटव, ओमप्रकाश खटीक आदि बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।