पिहानी का रहने वाला था, दो साथी गंभीर घायल, कंबाइन लेकर बिहार जा रहे थे
वाराणसी। गुरुवार तड़के हुए एक सड़क हादसे में पिहानी क्षेत्र के डिघिया गांव निवासी 27 वर्षीय गुरजंट सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। इस दुर्घटना में कार सवार उनके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए बनारस के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, गुरजंट सिंह, अंकित यादव और यशपाल सिंह धान काटने वाली कंबाइन मशीन लेकर बिहार जा रहे थे। कंबाइन एक लोडर वाहन पर लदी हुई थी और तीनों युवक आॅल्टो कार से उसके पीछे चल रहे थे। गुरुवार तड़के वाराणसी में गुरजंट सिंह द्वारा चलाई जा रही कार अचानक अनियंत्रित होकर ट्रक में जा घुसी।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि ट्रक सड़क पर खड़ा था या चल रहा था। टक्कर इतनी तेज थी कि गुरजंट सिंह ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि उनके दोनों साथी गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतक गुरजंट सिंह डिघिया गांव के रहने वाले थे और उनके पिता का नाम अजीत सिंह है। घायलों में अंकित यादव भी डिघिया गांव के निवासी हैं, जबकि यशपाल सिंह रामपुर के रहने वाले बताए जा रहे हैं। हादसे की सूचना मिलते ही डिघिया गांव में शोक की लहर दौड़ गई। गुरजंट सिंह के परिवार में उनकी पत्नी और एक छोटा बेटा है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद समाजसेवी जोगराज सिंह, भारतीय किसान यूनियन अखंड भारत के राष्ट्रीय अध्यक्ष रणजीत सिंह राणा, मनदीप सिंह, हरजिंदर सिंह और आशीष श्रीवास्तव समेत कई लोग पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे और उन्हें ढांढस बंधाया।
परिजनों के मुताबिक, गुरजंट सिंह का अंतिम संस्कार शुक्रवार दोपहर 12 बजे उनके पैतृक गांव डिघिया में किया जाएगा।