– रात भर कमरे में जलती रही अंगीठी, अस्पताल में इलाज जारी।
शारदा रिपोर्टर मेरठ। पल्लवपुरम थाना क्षेत्र में एक युवक कमरे में अंगीठी जलाकर सोया, जिसके बाद वह बेहोश पाया गया। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह घटना पल्लवपुरम की शीलकुंज सोसाइटी में हुई। बेहोश मिले युवक की पहचान अजय कुमार पुत्र नैनसिंह के रूप में हुई है, जो ग्राम उलदेपुर, थाना गंगानगर, मेरठ का निवासी है।

अजय मोदीपुरम स्थित शीलकुंज सोसाइटी के एक सेल परचेज आॅफिस की देखरेख करता था और रात में वहीं रुकता था। आॅफिस स्टाफ पवन और राजेंद्र ने बताया कि अजय ने ठंड से बचने के लिए कमरे में अंगीठी जलाई थी। सुबह जब अजय नहीं उठा, तो स्टाफ ने कमरे में जाकर देखा। वह बेहोश पड़ा मिला। सोसाइटी के लोगों ने तुरंत उसे अस्पताल में भर्ती कराया।
अस्पताल में डॉक्टर सुनील कुमार ने बताया कि अंगीठी में जल रहे कोयले से निकली गैस के कारण युवक बेहोश हुआ है। उसकी हालत अभी भी गंभीर है और उसका इलाज चल रहा है।
चौकी इंचार्ज विपिन गौतम ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला अंगीठी जलाकर सोने से बेहोश होने का प्रतीत होता है। पुलिस अन्य पहलुओं पर भी जांच कर रही है। यह घटना ठंड के मौसम में बंद कमरों में अंगीठी या कोयले के इस्तेमाल से होने वाले खतरों के प्रति एक बार फिर सचेत करती है।

