नागर विमानन मंत्री राम मोहन नायडू ने किया ऐलान
ग्रेटर नोएडा। केंद्रीय नागर विमानन मंत्री के राम मोहन नायडू ने सोमवार को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से कमर्शियल उड़ान के शुभारंभ के मौके पर कहा कि भारत में एविएशन सेक्टर तेजी से बढ़ रहा है। एयरक्राफ्ट की जरूरत को पूरा करने के लिए मेड इन इंडिया क्राफ्ट होंगे।
उन्होंने कहा कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की शुरू होने से क्षेत्र में आर्थिक तरक्की होगी विकास के नए आयाम खोलेंगे और युवाओं के लिए रोजगार के बड़े अवसर मिलेंगे। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विजन आम आदमी के लिए हवाई यात्रा का है। उड़ान योजना के तहत पूरे देश में एयरपोर्ट का नेटवर्क तैयार किया गया है। उन्होंने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से यात्री सेवाओं से शुरू होने को गौरव का क्षण बताया। लखनऊ से उड़ान भरकर नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर आई पहले इंडिगो की फ्लाइट से पहुंचे विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने कहा कि जब भी वह विदेश यात्रा पर औद्योगिक मंत्री रहते हुए गए तो उद्यमियों ने कहा कि वह दिल्ली पर लैंड के बाद दक्षिण जाते हैं, लेकिन अब उत्तर प्रदेश में लैंड करने के साथ निवेश के लिए लैंड भी है। उन्होंने कहा कि पहले कागजी काम होते थे अब इन्हें मूर्त रूप दिया जा रहा है । लखनऊ रवाना हुए किसान भी अपनी यात्रा को लेकर बेहद उत्साहित नजर आए। हालांकि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचे कई यात्रियों ने टैक्सी सेवा को लेकर शिकायतें भी की।