Home Bijnor शतरंज की ढाई चाल से इंडिया गठबंधन को देंगे शिकस्त

शतरंज की ढाई चाल से इंडिया गठबंधन को देंगे शिकस्त

अखिलेश के बयान पर जयंत ने किया पलटवार, बोले- मेरा मूल्य एक रुपया आंका था, अब पता चला कि हमारा साथ इतना सस्ता था

0

बिजनौर। चौधरी जयंत ने कहा कि इंडिया गठबंधन में शामिल एक नेता का व्यवहार अब भी मुख्यमंत्री जैसा लगता है। बोले कि अखिलेश यादव ने मेरा मोल एक रुपया लगाया था। पीढ़ी दर पीढ़ी यह महसूस नहीं हुआ कि हमारा साथ इतना सस्ता है। मगर अब शतरंज की ढाई चाल से शिकस्त देंगे। सपा मुखिया पर तंज कसते हुए जयंत बोले कि पलटा हूं और पटक रहा हूं।

बिजनौर के नुमाइश ग्राउंड में रालोद उम्मीदवार चंदन चौहान के समर्थन में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और रालोद मुखिया जयंत चौधरी ने साझा जनसभा की। चौधरी जयंत ने कहा कि फसल पकी है, चुनाव का मौसम भी है। ऐसे में पहले मतदान करें। लोकदल के भाईचारे के नारे को बुलंद करना है। बिजनौर के विकास में चंदन चौहान सहभागी बनकर मेहनत करेंगे। कहा कि बाबा साहब भीमराव आंबेडकर को भी भारत रत्न का इंतजार करना पड़ा जो कांग्रेस ने नहीं दिया। सरकार ने पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह को उनके निधन के चार दशक बाद भारत रत्न दिया है। कहा कि अखिलेश ने कहा था जब तक आप मेरे साथ थे आपका मूल्य एक रुपया था। अखिलेश, इसका जवाब आपको बिजनौर की जनता देगी। कहा कि चंदन चौहान युवा है। उन्होंने लोगों से 19 तारीख को चंदन चौहान को अधिक से अधिक वोट डालकर भारी मतों से जिताने की अपील की।

उत्तर प्रदेश भगवान राम की भूमि : नायब सिंह

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि यह भगवान श्री राम भूमि है, इस भूमि को प्रणाम करता हूं। भगवान राम का मंदिर अयोध्या भूमि पर बना है। इस धरा ने चौधरी चरण सिंह जैसे महानायक को दिया। नरेंद्र मोदी ने पहचाना और उन्हें भारत रत्न देने का काम किया। पिछली सरकार गरीबी हटाओ का नारा देती थी, लेकिन गरीब और गरीब होता चला गया।

 

उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों में गुंडागर्दी, माफिया गिरी होती थी लेकिन भाजपा की सरकार ने गुंडा और गुंडागर्दी को खत्म करने का काम किया है। आप लोगों को संकल्प लेना है कि इस बार उत्तर प्रदेश में 80 की 80 सीटें जीताकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here