तीन-चार दिन पुराना होने का अनुमान, नहीं हुई पहचान
अम्बेडकरनगर। टांडा कोतवाली क्षेत्र के दौलतपुर हाजलपट्टी गांव के बाहर सोमवार सुबह करीब 7 बजे हाईवे किनारे एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव की हालत देखकर उसके तीन से चार दिन पुराना होने की आशंका जताई जा रही है। युवक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार स्थानीय लोगों ने हाईवे किनारे एक युवक का शव पड़ा देखा। इसकी खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची टांडा कोतवाली पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के मुताबिक, प्रथम दृष्टया शव करीब तीन से चार दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। युवक की पहचान कराने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में भी जानकारी जुटा रही है। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई और उसके शव को हाईवे किनारे किसने छोड़ा, इन सवालों का जवाब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मिल सकेगा।
इस संबंध में टांडा कोतवाली के थानाध्यक्ष दीपक रघुवंशी ने बताया कि अज्ञात युवक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है। मामले की जांच की जा रही है।