पटाखे फोड़ते समय घर के आंगन से दबोचा, झाड़ियों में मिला सिर का कंकाल
लखीमपुर खीरी। दीपावली की शाम घर के आंगन में पटाखे जला रहे 12 साल के बच्चे को तेंदुआ उठाकर ले गया। घटना के समय माता-पिता घर के अंदर पकवान बना रहे थे। रातभर तलाश के बाद सोमवार सुबह बच्चे का शव घर से करीब 150 मीटर दूर झाड़ियों में मिला।
घटना रविवार शाम 7 बजे गोला थाना क्षेत्र की के जमुनाबाद फार्म की है। मृतक की पहचान रोहित कुमार (12) के रूप में हुई है। वह माता-पिता का इकलौता बेटा था। जानकारी के मुताबिक, दीपावली की शाम रोहित घर के आंगन में पटाखे और फुलझड़ी जला रहा था। उसके माता-पिता घर के अंदर दीपावली के पकवान बना रहे थे। इसी दौरान तेंदुआ गन्ना शोध केंद्र की बाउंड्री कूदकर घर के आंगन में पहुंच गया।
परिवार के लोग कुछ समझ पाते, इससे पहले ही तेंदुआ रोहित को मुंह में दबाकर उठा ले गया। बच्चे के तेंदुए का शिकार होने की जानकारी मिलते ही घर में चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। लोगों ने टॉर्च लेकर खेतों और आसपास की झाड़ियों में बच्चे की तलाश शुरू की। देर रात तक ग्रामीण खोजबीन करते रहे, लेकिन रोहित का कोई पता नहीं चला।
सोमवार 9 नवंबर की सुबह पुलिस और वन विभाग की टीम गांव पहुंची। ग्रामीणों के साथ दोबारा तलाश अभियान चलाया गया। इसी दौरान घटनास्थल से करीब 150 मीटर दूर झाड़ियों में रोहित का शव मिला। परिजनों के मुताबिक, शव तीन टुकड़ों में था।
रोहित अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। दीपावली के त्योहार पर हुई इस घटना ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। बेटे का शव देखकर माता-पिता बेसुध हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कानूनी कार्रवाई शुरू की।
घटना के बाद गांव में दहशत और वन विभाग के प्रति नाराजगी है। ग्रामीणों ने इलाके में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और तेंदुए को पकड़ने की मांग की है।