आगरा- लखनऊ एक्सप्रेसवे पर हुआ हादसा, राजस्थान से बिहार जा रहे थे, नशे में था चालक
लखनऊ। आगरा एक्सप्रेसवे पर सोमवार सुबह यात्रियों से भरी बस पलटकर 40 फीट गहरी खाई में गिर गई। हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई। 40 यात्री गंभीर घायल हैं। इनमें छोटे-छोटे बच्चे भी हैं। पुलिसवाले बच्चों को गोद में लेकर एंबुलेंस में बैठाते नजर आए।
फायर ब्रिगेड के मुताबिक, बिहार नंबर की लग्जरी बस राजस्थान के भिवाड़ी से छपरा (बिहार) जा रही थी। सभी लोग छठ पर्व के लिए अपने-अपने घर जा रहे थे। हादसा जिला मुख्यालय से करीब 30 किमी दूर पारा थाना क्षेत्र में जीरो पॉइंट पर हुआ।
50 से ज्यादा पुलिसकर्मी और रऊफऋ की 2 टीमें रेस्क्यू में जुटी हैं। शुरूआती जांच में हादसे की वजह टायर फटना बताई जा रही है। घायलों में महाराजगंज, देवरिया, आजमगढ़ के साथ बिहार के कई लोग भी शामिल हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों और यात्रियों के अनुसार, यह बस राजस्थान के भिवानी से बिहार के छपरा जिले के लिए जा रही थी। यात्रियों का आरोप है कि राजस्थान से लेकर लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे तक पहुंचने के दौरान चालक और परिचालक ने कई जगह रुककर शराब पी थी। यात्रियों का कहना है कि चालक अत्यधिक नशे में था, जिसके कारण तेज रफ्तार बस जीरो पॉइंट के पास बेकाबू होकर खंती में पलट गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमला तुरंत मौके पर पहुंच गया। डीसीपी जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में राहत एवं बचाव अभियान चलाया जा रहा है। घटनास्थल पर फायर ब्रिगेड की टीम और कई एंबुलेंस मौजूद हैं। बस में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालकर घायलों को तत्काल ट्रॉमा सेंटर भेजा जा रहा है।
दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल है। पुलिस और बचाव दल यात्रियों को निकालने के कार्य में जुटे हुए हैं। हादसे में हताहत हुए लोगों (मृतकों और घायलों) की संख्या को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।