शराब के नशे में कहासुनी के बाद थाने जाने की बात कहकर निकले थे दोनों
उन्नाव। आसीवन थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह जहांगीरनगर-मुंशीखेड़ा मार्ग पर एक युवक का शव मिला। मृतक की पहचान मुंशीखेड़ा गांव के महेश (38) पुत्र राजेपाल पासी के रूप में हुई। शव के पास उनकी क्षतिग्रस्त बाइक भी मिली। पुलिस सड़क हादसे समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
पुलिस को सोमवार सुबह करीब 7 बजे सड़क पर युवक का शव पड़े होने की सूचना मिली। आसीवन पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस के मुताबिक, रविवार रात करीब 7 बजे महेश की गांव के हरिओम पुत्र मूलचंद्र से शराब के नशे में किसी बात पर कहासुनी हुई थी। इसके बाद दोनों ने थाने जाने की बात कही थी। रास्ते में महेश का शव मिला। उनके मुंह से खून निकल रहा था और पास में बाइक क्षतिग्रस्त हालत में पड़ी थी।
पुलिस को पहली नजर में सड़क हादसे का मामला लग रहा है। कहासुनी की बात सामने आने के बाद पुलिस दूसरे पहलुओं की भी जांच कर रही है। शव को कब्जे में लेकर फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने जांच के लिए जरूरी चीजें जुटाईं और कानूनी कार्रवाई शुरू की।
महेश चार भाइयों और तीन बहनों में सबसे बड़े थे। परिवार में पहले भी दो लोगों की संदिग्ध हालात में मौत हो चुकी है। करीब चार साल पहले उनके पिता राजेपाल की मौत हुई थी। करीब तीन साल पहले उनके भाई शैलेंद्र का शव फंदे से लटका मिला था।
महेश के परिवार में पत्नी सुमन, दो बेटे अभिषेक और यश, और बेटी अनामिका हैं। उनकी मौत की खबर मिलने पर पत्नी, मां राजरानी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल था।