भूसा लादकर फतेहपुर जा रहे थे तीन लोग, दो गंभीर घायल
कौशांबी। धावड़ा गांव से ट्रैक्टर पर भूसा लादकर फतेहपुर जा रहे तीन लोग शुक्रवार सुबह सड़क हादसे का शिकार हो गए। पश्चिम शरीरा थाना क्षेत्र के पास ट्रक और ट्रैक्टर की जोरदार भिड़ंत में 19 वर्षीय दीपक रैदास की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और मामले की जांच शुरू कर दी।
मृतक की पहचान धावड़ा गांव निवासी दीपक (19) पुत्र प्रकाश रैदास के रूप में हुई है। वह शुक्रवार सुबह गांव के ही रविन्द्र (45) पुत्र रामनरेश सिंह और मोतीलाल सिंह पुत्र मुन्नू सिंह के साथ ट्रैक्टर पर भूसा लादकर फतेहपुर जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में ट्रक और ट्रैक्टर के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दीपक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रविन्द्र और मोतीलाल गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। पुलिस ने दुर्घटना की जानकारी जुटाते हुए जांच शुरू कर दी है। दीपक की मौत की खबर धावड़ा गांव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे के बाद गांव और आसपास के इलाके में शोक का माहौल है।