Homeउत्तर प्रदेशMeerutअब सॉफ्टवेयर लगाएगा ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की ड्यूटी

अब सॉफ्टवेयर लगाएगा ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की ड्यूटी

-

90 पॉइंट चार जोन में बंटे, हर महीने बदलेगी तैनाती, 467 पुलिसकर्मियों का डाटा फीड


शारदा रिपोर्टर मेरठ। ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाने के लिए पुलिस डिप्लॉयमेंट सॉफ्टवेयर लागू किया जा रहा है। अब किस पुलिसकर्मी की तैनाती कहां होगी और अगले महीने उसे किस पॉइंट पर भेजा जाएगा, यह सॉफ्टवेयर तय करेगा।

शहर के 90 ड्यूटी पॉइंट को 4 जोन में बांटा गया है। नई व्यवस्था में पुलिसकर्मियों को हर महीने दूसरे जोन में भेजा जाएगा, जिससे लंबे समय तक एक ही स्थान पर तैनाती नहीं रहेगी और ड्यूटी आवंटन में मनमानी की गुंजाइश कम होगी।

एसएसपी बीबी जीटीएस मूर्ति ने रविवार को इस व्यवस्था का शुभारंभ किया। सॉफ्टवेयर में 467 ट्रैफिक पुलिसकर्मियों का डेटा फीड किया गया है। फिलहाल ट्रायल अंतिम चरण में है और जल्द ही इसी से ड्यूटी लगनी शुरू होगी।

मेरठ में अभी तक ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की ड्यूटी मैन्युअल तरीके से लगाई जाती थी। एसपी ट्रैफिक कार्यालय से शहर के 90 ड्यूटी पॉइंट पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाती थी। कांस्टेबल और हेड कांस्टेबल की ड्यूटी हर 10 दिन में बदली जाती थी, जबकि ट्रैफिक सब इंस्पेक्टर को 15 दिन तक एक ही स्थान पर तैनात रखा जाता था। ड्यूटी लगाने और पॉइंट बदलने की व्यवस्था में मनपसंद जगह पर तैनाती से लेकर भ्रष्टाचार तक की शिकायतें सामने आती थीं।

शिकायतों के बाद तलाशा आॅटोमैटिक सिस्टम
एसपी ट्रैफिक राजेश कुमार श्रीवास्तव ने ड्यूटी व्यवस्था से जुड़ी शिकायतों को गंभीरता से लिया। उन्होंने गाजियाबाद, नोएडा और वाराणसी समेत दूसरे शहरों में लागू व्यवस्थाओं का अध्ययन किया। इसके बाद मेरठ में भी आॅटोमैटिक ड्यूटी सिस्टम लागू करने की पहल की गई। अधिकारियों ने तकनीकी विकल्प तलाशे और एक निजी कंपनी की मदद से पुलिस डिप्लॉयमेंट सॉफ्टवेयर तैयार कराया। इसमें ट्रैफिक पुलिसकर्मियों का पूरा डेटा फीड किया गया है।

4 जोन में बंटेगा शहर, हर महीने बदलेगी तैनाती
नई व्यवस्था में शहर को 4 जोन में बांटा गया है। सॉफ्टवेयर इसी जोनल व्यवस्था के आधार पर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी निर्धारित करेगा। उदाहरण के तौर पर, यदि किसी कांस्टेबल की पहले महीने जोन-1 में तैनाती होती है तो अगले महीने उसे जोन-2 में भेजा जाएगा। दूसरे जोन में उपलब्ध ड्यूटी पॉइंट के अनुसार उसका नया स्थान निर्धारित होगा। इससे एक ही पुलिसकर्मी लंबे समय तक एक ही जगह पर तैनात नहीं रहेगा।

10 दिन की जगह अब महीनेभर में बदलेगा ड्यूटी पॉइंट
अभी कांस्टेबल और हेड कांस्टेबल की ड्यूटी हर 10 दिन में बदली जाती है। नई व्यवस्था में ड्यूटी पॉइंट एक महीने के अंतराल पर बदलेंगे। यह प्रक्रिया सॉफ्टवेयर के जरिए अपने आप होगी। कर्मचारियों की उपलब्धता और निर्धारित जोन के आधार पर ड्यूटी आवंटित होगी। इससे अधिकारियों को हर बार सूची तैयार करने और अलग-अलग पॉइंट पर तैनाती तय करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। साथ ही ड्यूटी लगाने में पारदर्शिता आने और पक्षपात की शिकायतें कम होने की उम्मीद है।

क्या है पुलिस डिप्लॉयमेंट सॉफ्टवेयर
यह एक डिजिटल सिस्टम है, जिसके जरिए पुलिसकर्मियों की उपलब्धता, संख्या और निर्धारित ड्यूटी पॉइंट के आधार पर तैनाती की जाती है। इसमें पहले कर्मचारियों का डेटा और ड्यूटी पॉइंट दर्ज किए जाते हैं। इसके बाद तय नियमों के अनुसार सॉफ्टवेयर पुलिसकर्मियों को अलग-अलग स्थानों पर तैनात करता है। इसका उद्देश्य ड्यूटी आवंटन में मानवीय हस्तक्षेप कम करना, कर्मचारियों के बीच काम का संतुलन बनाना और एक ही स्थान पर लंबे समय तक तैनाती की समस्या दूर करना है। मेरठ में 4 जोन और 90 ड्यूटी पॉइंट इसी व्यवस्था का आधार होंगे।

467 पुलिसकर्मियों का डेटा फीड
एसपी ट्रैफिक राजेश कुमार श्रीवास्तव के मुताबिक, विभाग में 44 ट्रैफिक सब इंस्पेक्टर, 111 हेड कांस्टेबल, 281 कांस्टेबल, 8 महिला हेड कांस्टेबल और 23 महिला कांस्टेबल हैं। इन सभी 467 पुलिसकर्मियों का डेटा सॉफ्टवेयर में दर्ज कर दिया गया है। फिलहाल सिस्टम का ट्रायल अंतिम चरण में है। जल्द ही इसी के माध्यम से ड्यूटी आवंटन शुरू किया जाएगा।

अधिकारियों का काम भी होगा आसान
नई व्यवस्था लागू होने के बाद एसपी ट्रैफिक कार्यालय को हर 10 या 15 दिन में मैन्युअल ड्यूटी चार्ट तैयार नहीं करना पड़ेगा। सॉफ्टवेयर से ड्यूटी आवंटित होने पर समय की बचत होगी और कर्मचारियों की तैनाती व्यवस्थित तरीके से की जा सकेगी। एक ही ड्यूटी पॉइंट पर लगातार तैनाती की गुंजाइश कम होने से मनमानी और पक्षपात संबंधी शिकायतों पर भी अंकुश लगाने में मदद मिलेगी। अधिकारियों को उम्मीद है कि इससे ट्रैफिक पुलिस की ड्यूटी व्यवस्था अधिक पारदर्शी बनेगी।

Related articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

14,000FansLike
6,000SubscribersSubscribe

Latest posts