मेरठ | मेरठ के ऐतिहासिक दुर्गा बाड़ी मंदिर में शारदीय नवरात्रि की तैयारियां जोरों पर हैं। मंदिर परिसर और कार्यशाला में मूर्तिकार पिछले कई दिनों से मां दुर्गा की प्रतिमाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।
गुरुवार को परंपरागत चक्षुदान रस्म पूरी की गई। कारीगर द्वारा बारीकी से मां की आंखें बनाई गईं। मान्यता है कि चक्षुदान के साथ ही प्रतिमा सजीव हो जाती है। इस वर्ष मंदिर में 10 फीट ऊंची मुख्य प्रतिमा स्थापित की जा रही है, जिसे सफेद और सिल्वरी थीम पर सजाया गया है।
मंदिर समिति के अध्यक्ष ने बताया कि इस बार पंडाल को कोलकाता शैली के सफेद शोलापिथ वर्क से सजाया गया है। हजारों एलईडी लाइट्स और फूलों से सजावट की गई है।
प्रबंधन के अनुसार नवरात्रि के 9 दिनों तक प्रतिदिन 10-15 हजार श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद है। सुरक्षा के लिए सीसीटीवी और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। 11 अक्टूबर को कन्या पूजन और भंडारे का आयोजन होगा। शाम को भजन-कीर्तन, गरबा, डांडिया और रामलीला की प्रस्तुतियां भी होंगी।