नेशनल हाईवे-34 पर हुआ हादसा, जख्मी का अस्पताल में उपचार जारी
बुलंदशहर। सिकंदराबाद के औद्योगिक क्षेत्र स्थित नेशनल हाईवे-34 पर बुधवार सुबह हुए सड़क हादसे में एक कंपनी कर्मचारी की मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
हादसा नई मंडी के पास उस समय हुआ, जब गांव बोड़ा निवासी 58 वर्षीय चरण सिंह कंपनी में ड्यूटी के लिए गांव के ही बाइक सवार ललित के साथ जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि चरण सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, बाइक चला रहे ललित के पैर में गंभीर चोट आई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है।
घटना के बाद ट्रक चालक वाहन सहित फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि फरार ट्रक और चालक की पहचान कर उसके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा सके।