मेरठ। अखिल भारतीय गुर्जर महासभा के बैनर तले गुर्जर समाज के नेताओं एवं प्रतिनिधियों को एक साझा मंच पर लाने की पहल के तहत 29 अक्टूबर को सरदार वल्लभभाई पटेल जयंती के अवसर पर नई दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में प्रस्तावित गुर्जर स्वाभिमान रैली की तैयारियों को लेकर मेरठ में महत्वपूर्ण बैठक एवं प्रेस वार्ता आयोजित की गई। बैठक में रैली की तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान कहा गया कि गुर्जर स्वाभिमान रैली समाज के इतिहास में एक नया आयाम लिखेगी। रैली में देशभर से लाखों की संख्या में गुर्जर समाज के लोगों के शामिल होने की संभावना है। यह रैली विशेष रूप से उन लोगों की आवाज को मजबूती देने का माध्यम बनेगी, जो राजनीतिक भागीदारी से दूर हैं और लंबे समय से राजनीतिक एवं सामाजिक उपेक्षा का सामना कर रहे हैं।
महासभा के पदाधिकारियों ने कहा कि, रैली का उद्देश्य किसी राजनीतिक दल के विरोध या समर्थन तक सीमित नहीं है, बल्कि गुर्जर समाज के अधिकारों, सम्मान, राजनीतिक भागीदारी और मजबूत प्रतिनिधित्व की आवाज को एकजुट होकर उठाना है। समाज के विभिन्न राजनीतिक दलों एवं विचारधाराओं से जुड़े लोगों को एक मंच पर लाकर एक मजबूत एवं सकारात्मक संदेश देने का प्रयास किया जा रहा है। इस दौरान रोबिन गुर्जर को राष्ट्रीय सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई।
इस अवसर पर अखिल भारतीय गुर्जर महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हरीश चंद भाटी ने संगठन के विस्तार एवं समाज को एकजुट करने के उद्देश्य से रोबिन गुर्जर को अखिल भारतीय गुर्जर महासभा का राष्ट्रीय सचिव नियुक्त किया। हरीश चंद भाटी ने कहा कि, रोबिन गुर्जर संगठन के प्रति पूरी निष्ठा एवं सक्रियता के साथ कार्य करते हुए महासभा को मजबूत करने तथा समाज के विभिन्न वर्गों एवं विचारधाराओं से जुड़े लोगों को एक मंच पर लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि गुर्जर समाज की एकता, सामाजिक सम्मान, अधिकारों की आवाज और राजनीतिक भागीदारी सुनिश्चित करना महासभा की प्राथमिकता है।
बैठक एवं प्रेस वार्ता में सविंदर भाटी, रामकेश चपराना, जीत सिंह दौसा, केपी मवई, विजय धामा, भोपाल सिंह, ब्रजवीर सिंह, सुरेंद्र नागर, मनोज चपराना, मेरठ जिला अध्यक्ष, बलराज डूंगर, अहेलकर नागर, शक्ति सिंह सहित समाज के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी, प्रतिनिधि एवं क्षेत्र के गणमान्य लोग भी मौजूद रहे। बैठक में उपस्थित सभी लोगों ने 29 अक्टूबर को तालकटोरा स्टेडियम में प्रस्तावित गुर्जर स्वाभिमान रैली को ऐतिहासिक एवं सफल बनाने तथा समाज के विभिन्न सामाजिक विचारों से जुड़े लोगों को एक साझा मंच पर लाने के लिए पूरी सक्रियता के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।