30 डिग्री के आसपास पहुंचा तापमान, मौसम में बदलाव के साथ अस्पतालों में बढ़े मरीज
शारदा रिपोर्टर मेरठ। सोमवार को सुबह की साफ मौसम धूप के साथ हुई। पिछले तीन-चार दिनों से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। दो दिन पहले बारिश के साथ हुई ओलावृष्टि के बाद तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। सुबह और शाम के समय हल्की ठंडक महसूस हो रही है, जबकि दिन में धूप निकलने के बावजूद गर्मी का असर कम दिखाई दे रहा है। तापमान भी 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है।
इससे पहले दो दिनों तक आसमान में बादल छाए रहने के कारण मौसम में ठंडक बनी हुई थी। रविवार को भी मौसम साफ होने के बाद धूप निकली और अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि, पिछले कुछ दिनों से मौसम में लगातार बदलाव के चलते दिन और रात के तापमान में अंतर महसूस किया जा रहा है।
मौसम के इस बदलाव का असर लोगों की दिनचर्या पर भी पड़ रहा है। सुबह घरों से निकलने वाले लोगों को हल्की ठंडक महसूस हो रही है। वहीं, दोपहर में धूप निकलने के बावजूद पहले जैसी गर्मी का अहसास नहीं हो रहा है। मौसम में बदलाव के कारण लोगों को सुबह और शाम के समय पहनावे का विशेष ध्यान रखने की जरूरत है।
वायरल और एलर्जी के मरीज बरतें सावधानी
बदलते मौसम में वायरल संक्रमण और एलर्जी से जुड़ी परेशानियों को लेकर सतर्क रहने की जरूरत है। खासकर बच्चों और बुजुर्गों को सुबह-शाम ठंड से बचाव करना चाहिए। पर्याप्त पानी पीने के साथ ही खांसी, बुखार या सांस लेने में परेशानी होने पर चिकित्सकीय सलाह लेनी चाहिए।